देवभूमि की बेटी प्राची मटेला ने रचा इतिहास, 98.6% अंक लाकर प्रदेश में दूसरा स्थान ड्रीमर्स केयर फाउंडेशन ने घर पहुंचकर किया सम्मान, संघर्ष और मेहनत बनी सफलता की मिसाल

रुद्रपुर। प्रतिभा कभी परिस्थितियों की मोहताज नहीं होती। मजबूत इरादे और निरंतर मेहनत इंसान को हर चुनौती से पार ले जाते हैं। उत्तराखंड की होनहार बेटी प्राची मटेला ने इसी बात को सच साबित कर दिखाया है। प्राची ने बोर्ड परीक्षा में 98.6 प्रतिशत अंक हासिल कर न केवल ऊधमसिंह नगर जिले में पहला स्थान प्राप्त किया, बल्कि पूरे उत्तराखंड में दूसरा स्थान हासिल कर देवभूमि का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर सामाजिक संस्था ड्रीमर्स केयर फाउंडेशन ने उनके आवास पहुंचकर विशेष सम्मान किया।
संस्था की फाउंडर ममता पांडे और दीपक पांडे ने प्राची मटेला को स्मृति चिह्न, पुष्पगुच्छ एवं सम्मान वस्त्र भेंट कर शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर दीपक पांडे ने कहा कि प्राची की सफलता केवल उनके परिश्रम का परिणाम नहीं, बल्कि उनके माता-पिता के त्याग, संघर्ष और संस्कारों का भी प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि गुरुजनों के मार्गदर्शन और इष्ट देवी-देवताओं के आशीर्वाद से प्राची ने यह नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
प्राची मटेला ने अपनी सफलता का श्रेय आत्मविश्वास और अनुशासित अध्ययन को दिया। उन्होंने बताया कि उन्होंने बिना किसी कोचिंग या ट्यूशन के केवल सेल्फ स्टडी के माध्यम से यह मुकाम हासिल किया। वह नियमित रूप से अपने नोट्स तैयार करती थीं और लगातार अभ्यास के जरिए कमजोरियों को दूर करती रहीं।
फाउंडर ममता पांडे ने कहा कि प्राची की संघर्ष गाथा हर युवा के लिए प्रेरणा है। उन्होंने बताया कि प्राची की माता दीपा मटेला उत्तराखंड की पारंपरिक लोक कला ‘ऐपण’ से जुड़ी हुई हैं और दिनभर इसी कार्य में व्यस्त रहती हैं। घर में लोगों का लगातार आना-जाना लगा रहता था, जबकि उनके पिता सरकारी सेवा में होने के कारण अधिकांश समय बाहर रहते थे। ऐसे माहौल में पढ़ाई करना आसान नहीं था, लेकिन प्राची ने कठिन परिस्थितियों को ही अपनी ताकत बना लिया।
प्राची की माता दीपा मटेला ने बताया कि दिन के समय पढ़ाई में काफी व्यवधान आते थे, इसलिए प्राची रात के शांत माहौल में देर रात से लेकर सुबह चार बजे तक लगातार पढ़ाई करती थीं। उनकी मेहनत, लगन और अनुशासन ने आज उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है।
प्राची के संघर्ष और सफलता से प्रभावित होकर ड्रीमर्स केयर फाउंडेशन के सदस्यों ने उनके घर पहुंचकर सम्मान समारोह आयोजित किया। इस दौरान फाउंडेशन परिवार की ओर से ममता पांडे, दीपक पांडे, सुमित पांडे, लवी पांडे, प्रज्वल पांडे, परिधि पांडे, अवनी पांडे और अक्षत पांडे मौजूद रहे। सभी ने प्राची एवं उनके परिवार के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर ड्रीमर्स केयर फाउंडेशन ने यह संकल्प भी दोहराया कि संस्था समाज के प्रतिभावान और जरूरतमंद बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार कार्य करती रहेगी। फाउंडेशन का उद्देश्य ऐसे युवाओं को मंच देना है जिनमें प्रतिभा तो है, लेकिन संसाधनों की कमी उन्हें पीछे धकेल देती है।
फाउंडेशन का मानना है कि युवाओं के विकास से ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण संभव है। संस्था ने समाज के प्रबुद्ध और सहयोगी लोगों से इस मिशन में आगे आने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही प्रतिभाओं को सही दिशा और बेहतर भविष्य दिया जा सकता है।


Advertisements

गिरीश भट्ट

मुख्य संवाददाता - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page