गैस एजेंसी और पेट्रोल पंपों पर विभाग का ताबड़तोड़ छापा, अनियमितताओं का खुला पिटारा

उपभोक्ताओं की शिकायतों पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की बड़ी कार्रवाई, कई खामियां मिलने पर नोटिस जारी
लालकुआँ। लंबे समय से मिल रही उपभोक्ताओं की शिकायतों और सेवाओं में बरती जा रही लापरवाही के खिलाफ खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने शुक्रवार को लालकुआँ क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए गैस एजेंसी और पेट्रोल पंपों पर औचक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है, जबकि आम उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली है।
जिला पूर्ति अधिकारी मनोज कुमार वर्मन के नेतृत्व में विभागीय टीम ने तहसील लालकुआँ स्थित सुरुचि गैस एजेंसी, मस्तान सर्विस स्टेशन तथा श्री राम पेट्रोलियम का निरीक्षण किया। जांच के दौरान सुरुचि गैस एजेंसी और मस्तान सर्विस स्टेशन में कई गंभीर खामियां पाई गईं, जिन्हें विभाग ने बेहद गंभीरता से लिया है।
निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों ने रिकॉर्ड, उपभोक्ता सेवाओं, माप-तौल व्यवस्था और नियमों के अनुपालन की गहन जांच की। जांच में कई अनियमितताएं सामने आने के बाद अधिकारियों ने संबंधित संचालकों को कड़ी चेतावनी देते हुए जवाब तलब किया।
जिला पूर्ति अधिकारी मनोज कुमार वर्मन ने बताया कि निरीक्षण में पाई गई कमियों के आधार पर दोनों फर्मों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि संबंधित प्रतिष्ठानों की ओर से संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया तो नियमानुसार कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में गैस वितरण व्यवस्था और पेट्रोल पंपों की कार्यप्रणाली को लेकर लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। उपभोक्ताओं द्वारा सेवाओं में लापरवाही, नियमों की अनदेखी और पारदर्शिता की कमी को लेकर लगातार आवाज उठाई जा रही थी। इसी के बाद विभाग ने अचानक कार्रवाई करते हुए औचक निरीक्षण किया।
विभागीय टीम की इस कार्रवाई से संबंधित प्रतिष्ठानों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। वहीं स्थानीय लोगों ने विभाग की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की कार्रवाई समय-समय पर होती रहनी चाहिए ताकि उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित हो सके।
निरीक्षण टीम में विधिक माप विज्ञान विभाग के वरिष्ठ निरीक्षक ए.के. सिंह तथा क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक मोहित कठायत भी शामिल रहे।


Advertisements

गिरीश भट्ट

मुख्य संवाददाता - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page