नहर में मिला युवक का शव, धौलाखेड़ा के रिंकू मौर्य के रूप में हुई पहचान

मिर्गी का दौरा पड़ने से नहर में गिरने की आशंका, परिजनों ने नहीं दी तहरीर

हल्द्वानी। बरेली रोड क्षेत्र स्थित हरियाल मोटर्स के पास नहर में युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवाया। शुक्रवार को मोर्चरी पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान धौलाखेड़ा निवासी रिंकू मौर्य के रूप में की।
पुलिस के अनुसार, युवक की तलाशी के दौरान उसकी जेब से शराब की एक बोतल मिली। वहीं उसके हाथ पर ‘रिंकू’ नाम गुदा हुआ था, जिसके आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान कराने के प्रयास शुरू किए। बाद में परिजनों के पहुंचने पर शव की शिनाख्त हो सकी।
बनभूलपुरा कोतवाल दिनेश सिंह फर्त्याल ने बताया कि पूछताछ में परिजनों ने जानकारी दी कि रिंकू लंबे समय से अस्वस्थ था और उसे मिर्गी के दौरे भी आते थे। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि नहर किनारे बैठे समय अचानक चक्कर आने या दौरा पड़ने से वह संतुलन खो बैठा और नहर में गिर गया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि अभी तक मृतक के परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। यदि तहरीर प्राप्त होती है तो उसके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच जारी है।


Advertisements

गिरीश भट्ट

मुख्य संवाददाता - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page