जंगलों की आग पर गरजी कांग्रेस: “सरकार के दावे धुएं में, वनाग्नि रोकने को बने ठोस एक्शन प्लान”

हल्द्वानी, 16 मई। पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही वनाग्नि की घटनाओं को लेकर कांग्रेस ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जिला कांग्रेस कमेटी नैनीताल के जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने शुक्रवार को जिलाधिकारी नैनीताल को ज्ञापन सौंपकर जंगलों में लग रही आग पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस और समयबद्ध कार्ययोजना लागू करने की मांग उठाई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि हर वर्ष गर्मियों के दौरान जिले के पर्वतीय इलाकों में वनाग्नि की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। इससे न केवल बहुमूल्य वन संपदा और पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि वन्यजीवों, ग्रामीणों की कृषि और जनजीवन पर भी गंभीर असर पड़ रहा है। पार्टी ने आरोप लगाया कि सरकार वनाग्नि रोकने के बड़े-बड़े दावे तो करती है, लेकिन धरातल पर हालात बेहद चिंताजनक बने हुए हैं।
ज्ञापन में कांग्रेस ने मांग की कि वनाग्नि से निपटने के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए। साथ ही वन क्षेत्रों को सेक्टरों में विभाजित कर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाए, ताकि आग लगने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। कांग्रेस ने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और ग्रामीण जनता की सहभागिता बढ़ाने पर भी जोर दिया।
पार्टी नेताओं ने प्रशासन से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने, जंगलों के भीतर मौजूद तालाबों और जल स्रोतों को भरवाने तथा वन्यजीवों और पशु-पक्षियों के लिए पानी की समुचित व्यवस्था करने की भी मांग की।
इस दौरान हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वनाग्नि जैसी गंभीर समस्या को लेकर सरकार संवेदनशील नजर नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि जंगलों में लगने वाली आग केवल पेड़ों को नहीं जलाती, बल्कि पर्यावरण, जैव विविधता और ग्रामीणों की आजीविका को भी गहरा नुकसान पहुंचाती है। सरकार को केवल घोषणाओं तक सीमित रहने के बजाय जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।
जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले समय में वनाग्नि की घटनाएं और भयावह रूप ले सकती हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में विधायक सुमित हृदयेश, जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल, हेमंत बगड़वाल, सतीश नैनवाल, भोला दत्त भट्ट, ललित जोशी, नरेश अग्रवाल, राजेंद्र खनवाल, सुहैल सिद्दीकी, एससी विभाग के जिलाध्यक्ष इंदर पाल आर्य, ब्लॉक अध्यक्ष प्रदीप बथयाल, गिरीश पांडे, गोविंद बगड़वाल, जीवन कार्की, जगमोहन चिलवाल, संजय किरौला, नंदन दुर्गापाल, दीप पाठक, संदीप भैसोड़ा सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Advertisements

गिरीश भट्ट

मुख्य संवाददाता - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page