150 मीटर गहरी खाई में गिरी थार, पुलिस-SDRF ने दो घायलों को निकाला

नैनीताल। काठगोदाम क्षेत्र के ग्राम लमजाला में एक थार वाहन करीब 150 मीटर गहरी खाई में गिर गया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर वाहन में सवार एक पुरुष और एक महिला को सुरक्षित बाहर निकाला।
पुलिस के अनुसार, हादसा 22 अक्टूबर 2026 को हुआ। वाहन संख्या UK04AR1001 के खाई में गिरने की सूचना मिलते ही काठगोदाम कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ, हल्द्वानी फायर सर्विस और यातायात निरीक्षक भूपेश पांडे भी रेस्क्यू अभियान में शामिल हुए।
दुर्गम खाई में उतरकर टीमों ने नीरज सिंह रजवार (29), निवासी भोटिया पड़ाव, हल्द्वानी और रिचा शाह (29), निवासी आवास विकास, हल्द्वानी को बाहर निकाला। दोनों को 108 एम्बुलेंस से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस के मुताबिक, उनकी स्थिति सामान्य बताई गई है।
रेस्क्यू अभियान में काठगोदाम पुलिस, मल्ला काठगोदाम चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक दिलीप कुमार, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमों के साथ स्थानीय ग्रामीणों ने भी सहयोग किया।







