हाइक पर निकले स्काउट्स-गाइड्स, सीखा आत्मनिर्भरता का पाठ बेसिक स्काउट मास्टर एवं गाइड कैप्टन कोर्स में 60 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, दीक्षा संस्कार के साथ कुकिंग गतिविधि में दिखाया हुनर


हल्द्वानी। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला नैनीताल के तत्वावधान में बेसिक स्काउट मास्टर एवं गाइड कैप्टन कोर्स के अंतर्गत द मास्टर्स स्कूल, पनियाली में एक दिवसीय हाइक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 60 स्काउट्स एवं गाइड्स ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। हाइक के दौरान प्रतिभागियों ने स्काउटिंग के सिद्धांतों के साथ प्रकृति से जुड़ाव, अनुशासन, आत्मनिर्भरता और टीम भावना का व्यावहारिक प्रशिक्षण लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को स्काउटिंग की मूल भावना और उसके व्यावहारिक पक्ष से परिचित कराना रहा। इस दौरान प्रतिभागियों का दीक्षा संस्कार कराया गया। प्रशिक्षकों ने स्काउट्स एवं गाइड्स को अनुशासन, सेवा भावना और जिम्मेदारी के महत्व के बारे में जानकारी दी।
सीमित संसाधनों में खाना बनाने का सीखा हुनर
हाइक कार्यक्रम के दौरान कुकिंग गतिविधि भी कराई गई। इसमें प्रतिभागियों ने सीमित संसाधनों का उपयोग करते हुए भोजन तैयार करने की कला सीखी। गतिविधि के माध्यम से उन्हें विपरीत परिस्थितियों में उपलब्ध साधनों का बेहतर उपयोग करने और आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया गया।
प्रकृति की गोद में सीखा टीमवर्क और नेतृत्व
एक दिवसीय हाइक के दौरान स्काउट्स एवं गाइड्स ने विभिन्न गतिविधियों में समूह बनाकर भाग लिया। प्रशिक्षकों ने उन्हें कठिन परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने, अनुशासन के साथ कार्य करने और एक-दूसरे का सहयोग करने के लिए प्रेरित किया।
हाइक के माध्यम से प्रतिभागियों को नेतृत्व क्षमता, साहस, सहयोग, आत्मनिर्भरता और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने का अवसर मिला। गतिविधियों के दौरान स्काउट्स एवं गाइड्स ने समूह भावना के साथ जिम्मेदारियां निभाईं।
आयोजक मंडल ने कहा कि इस तरह के व्यावहारिक प्रशिक्षण और हाइक कार्यक्रम स्काउट्स एवं गाइड्स के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजनों से प्रतिभागियों में सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मनिर्भरता और सहयोग की भावना मजबूत होती है। साथ ही प्रकृति के प्रति लगाव और पर्यावरण संरक्षण की समझ भी विकसित होती है।
आयोजकों के अनुसार, एक दिवसीय हाइक प्रतिभागियों के लिए सीख और अनुभव से भरपूर रहा। प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई गतिविधियां उन्हें भविष्य में विभिन्न परिस्थितियों में आत्मविश्वास के साथ कार्य करने में मदद करेंगी।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में द मास्टर्स स्कूल के प्रबंधक चंदन सिंह रेकवाल, अकादमी निदेशक नेहा बिष्ट रैकवाल, नरेंद्र साह, आर.एस. जीना, महेंद्र सैनी, कमलेश सती, अनुराधा पांडे, चंद्र लाल, सीमा सेन, पुष्पा दर्मवाल, सरिता सामंत, संतोष जोशी, भुवन सूंठा और सुशीला पांडे मौजूद रहे।





