साइबर अपराध के हॉटस्पॉट पर नैनीताल पुलिस की कार्रवाई, एक दिन में 43 मुकदमे दर्ज

नैनीताल। साइबर अपराध से जुड़े हॉटस्पॉट के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए नैनीताल पुलिस ने एक ही दिन में जिले के विभिन्न थानों में 43 मुकदमे दर्ज किए। पुलिस के अनुसार, अब तक इस अभियान के तहत कुल 49 अभियोग पंजीकृत किए जा चुके हैं।
पुलिस की यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में जताई गई नाराजगी और ठोस कार्रवाई के निर्देशों के बाद हुई। आईजी कुमाऊँ रेंज निवेदिता कुकरेती ने भी तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा था।
पुलिस ने बताया कि जांच के बाद म्यूल बैंक खातों, एटीएम और चेक से धनराशि निकालने तथा सिम और पीओएस से जुड़े मामलों में एफआईआर दर्ज की गई है। जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को साइबर अपराध के हॉटस्पॉट के विरुद्ध समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
नैनीताल पुलिस ने कहा कि साइबर अपराध से अर्जित धनराशि निकालने या अपराधियों को सहयोग देने वाले नेटवर्क के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







