वीकेंड पर कैंची धाम में भारी भीड़ की उम्मीद, नैनीताल पुलिस ने जारी किया ट्रैफिक डायवर्जन प्लान

नैनीताल, 9 अक्टूबर। आगामी वीकेंड 10 और 11 अक्टूबर 2026 को श्री कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने विशेष यातायात और डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था सुगम यातायात बनाए रखने के लिए लागू रहेगी।
पुलिस के मीडिया सेल द्वारा जारी प्लान के अनुसार –
भारी वाहनों पर प्रतिबंध:
समस्त प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन सुबह 3 बजे से रात 11 बजे तक पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। सभी भारी वाहनों को जनपद बॉर्डर पर ही रोका जाएगा।
बसों और चौपहिया वाहनों के लिए डायवर्जन (सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक):
अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्र को जाने वाले वाहन वाया लमगड़ा, धानाचूली, धारी, खुटानी बैंड, भीमताल होते हुए जाएंगे। रानीखेत से मैदान की ओर जाने वाले वाहन वाया क्वारब, ओड़ाखान, रामगढ़, खुटानी बैंड, भीमताल से जाएंगे।
हल्द्वानी, काठगोदाम और मैदानी क्षेत्र से अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ जाने वाले वाहन खुटानी बैंड, भीमताल से धारी, धानाचूली होते हुए जाएंगे। वहीं काठगोदाम से रानीखेत जाने वाले वाहनों को खुटानी से डायवर्ट कर वाया मुक्तेश्वर, रामगढ़ भेजा जाएगा।
कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों के लिए पार्किंग व्यवस्था:
बाहरी जिलों और राज्यों से निजी वाहनों से वाया भीमताल होते हुए कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों को अपने वाहन भीमताल विकास भवन पार्किंग में पार्क करने होंगे। वहां से स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से उन्हें भवाली और कैंची धाम मंदिर दर्शन के लिए भेजा जाएगा।
इसी तरह वाया गेठिया / नैनीताल होते हुए कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों के वाहन भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में पार्क कराए जाएंगे और वहां से शटल सेवा से मंदिर भेजा जाएगा।
पुलिस ने बताया कि वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र और नैनीताल में टैक्सी और दोपहिया वाहनों का आवागमन भी प्रतिबंधित रहेगा।
नैनीताल पुलिस ने सभी पर्यटकों, वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए यात्रा से पहले जारी डायवर्जन प्लान का पालन करें।







