विधानसभा चुनाव-2027: व्यय संवेदनशील क्षेत्रों के चिन्हांकन को लेकर डीएम ने दिए निर्देश

हल्द्वानी, 25 सितंबर 2026 (सू.वि.)। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने शुक्रवार को हल्द्वानी कैंप कार्यालय में व्यय संवेदनशील विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों (ESCs) एवं व्यय संवेदनशील पॉकेट्स (ESPs) के चिन्हांकन को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की।
जिलाधिकारी ने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों का चिन्हांकन वास्तविक तथ्यों और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के आधार पर किया जाए। पिछले दो विधानसभा और लोकसभा चुनावों में नकदी, शराब, मादक पदार्थ, बहुमूल्य धातु एवं आभूषणों की जब्ती तथा निर्वाचन संबंधी घटनाओं के रिकॉर्ड को प्रमुख आधार बनाया जाए।
उन्होंने बैंकिंग गतिविधियों की निगरानी पर भी जोर देते हुए कहा कि निर्वाचन से पूर्व मुद्रा की मांग में असामान्य वृद्धि तथा खातों के बीच छोटी-छोटी राशियों में होने वाले असामान्य ऑनलाइन/डिजिटल लेन-देन जैसी गतिविधियों का भी विश्लेषण किया जाए। संबंधित विभागों एवं एजेंसियों के साथ समन्वय कर उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर व्यय संवेदनशील क्षेत्रों और पॉकेट्स को चिन्हित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में एसपी यातायात डॉ. जगदीश चंद्र, एडीएम विवेक राय, एसडीएम मोनिका, एलडीएम अमित वाजपेयी, सीटीओ कमलेश भंडारी, एटीओ नंदन सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।







