रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज को NMC से फिर झटका, 100 MBBS सीटों पर प्रवेश टला

पिथौरागढ़ को 50 सीटें मिलीं

रुद्रपुर / देहरादून। उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के बहुप्रतीक्षित पं. राम सुमेर शुक्ला राजकीय मेडिकल कॉलेज, रुद्रपुर की मान्यता का इंतजार एक बार फिर बढ़ गया है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) से 100 MBBS सीटों की मंजूरी न मिलने से इस सत्र में प्रवेश की उम्मीदों पर ब्रेक लग गया है।

राज्य सरकार ने रुद्रपुर और पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से 100-100 MBBS सीटें शुरू करने का प्रस्ताव NMC को भेजा था। NMC टीम के निरीक्षण के बाद दोनों कॉलेजों में फैकल्टी और बुनियादी ढांचे से जुड़ी कमियां पाई गईं, जिसके चलते मान्यता देने से इनकार कर दिया गया। NMC ने दोनों संस्थानों में फैकल्टी और इंफ्रास्ट्रक्चर में खामियां फ्लैग की थीं।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार अगस्त में दूसरे दौर के निरीक्षण की बात कही गई थी। इसी बीच पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज को NMC ने 50 MBBS सीटों की मान्यता दे दी है, जबकि रुद्रपुर का मामला अभी भी विचाराधीन है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज का भवन तैयार है और NMC से 100 सीटों का आवंटन जल्द पूरा करने के लिए फैकल्टी भर्ती और अन्य मानकों को पूरा करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

गौरतलब है कि सरकार के ‘हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज’ विजन के तहत रुद्रपुर कॉलेज को अहम माना जा रहा है। वर्तमान में प्रदेश में छह सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 675 MBBS सीटें हैं। रुद्रपुर में 100 सीटें जुड़ने के बाद यह संख्या 775 हो जाएगी। विपक्ष ने इसे सरकार की प्रशासनिक विफलता बताया है।

फिलहाल छात्रों को अगली काउंसलिंग से पहले NMC की हरी झंडी का इंतजार करना होगा।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page