रामनगर में खाद्य सुरक्षा विभाग का सघन निरीक्षण अभियान, दूध व गुलाब जामुन के नमूने जांच को भेजे

नैनीताल/रामनगर, 29 अगस्त 2026। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड तथा जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देशों के क्रम में जनस्वास्थ्य की सुरक्षा और लोगों को शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रामनगर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने सघन निरीक्षण एवं सैंपलिंग अभियान चलाया।

वरिष्ठ खाद्य संरक्षा अधिकारी रामनगर एवं कालाढूंगी असलम खान के नेतृत्व में टीम ने मंगलार रोड और गुलरघट्टी क्षेत्र के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। अभियान के दौरान कुल पांच खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, स्वच्छता मानकों तथा खाद्य पदार्थों के भंडारण की व्यवस्था की जांच की गई। संबंधित कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और संभावित मिलावट की जांच के लिए टीम ने दूध तथा गुलाब जामुन का एक-एक नमूना संगृहीत किया। दोनों नमूनों को नियमानुसार जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला रिपोर्ट मिलने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान दो खाद्य कारोबारियों के पास वैध खाद्य लाइसेंस अथवा पंजीकरण उपलब्ध नहीं पाया गया। इस पर संबंधित व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सात दिन का सुधारात्मक नोटिस जारी कर तत्काल लाइसेंस बनवाने अथवा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। निर्धारित अवधि में अनुपालन न होने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

वरिष्ठ खाद्य संरक्षा अधिकारी असलम खान ने खाद्य कारोबारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार न किया जाए और उपभोक्ताओं को केवल शुद्ध एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा इसकी दैनिक रिपोर्ट आयुक्त एवं जिलाधिकारी कार्यालय को भेजी जा रही है।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page