रक्षाबंधन-जन्माष्टमी से पहले नैनीताल में खाद्य जांच अभियान तेज, 11 नमूने लिए गए


हल्द्वानी। रक्षाबंधन और जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने नैनीताल जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण और खाद्य नमूना संग्रह अभियान चलाया। अभियान के दौरान हल्द्वानी, कालाढूंगी, रामनगर और ग्रामीण क्षेत्रों के खाद्य प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नियमानुसार नमूने लिए गए।
हल्द्वानी और कालाढूंगी क्षेत्र में जीरा पेय, सॉस, काजू, नूडल तथा अरहर दाल के नमूने संकलित किए गए। कालाढूंगी में एडीएम प्रशासन विवेक राय की मौजूदगी में भी निरीक्षण किया गया। अभियान में सहायक आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी अजब सिंह रावत तथा वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभय कुमार सिंह शामिल रहे।
रामनगर के चिलकिया क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान ने चार प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। यहां आटा और गरम खड़ा मसाला के नमूने लिए गए। वहीं हल्द्वानी ग्रामीण क्षेत्र में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नंदकिशोर ने वनस्पति, दूध और घी के नमूने संग्रहित किए। इसके अतिरिक्त खोया, बर्फी, चाशनी, मोतीचूर और रसगुल्ले के सर्वे नमूने भी जांच के लिए लिए गए हैं।
सभी विधिक नमूने परीक्षण के लिए राज्य खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजे जा रहे हैं। विभाग ने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर मिलावट या खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि त्योहारों के दौरान खाद्य सामग्री और मिठाइयां खरीदते समय गुणवत्ता, स्वच्छता, पैकेजिंग और लेबलिंग की जांच अवश्य करें तथा किसी भी संदिग्ध अनियमितता की सूचना विभाग को दें।






