मुख्यमंत्री धामी के विजन से प्रकृति संरक्षण और पर्यटन विकास की मिसाल बना रामनगर का नगर वन

बच्चों के मनोरंजन से लेकर प्रकृति भ्रमण और स्थानीय रोजगार तक, 17 हेक्टेयर में विकसित हुआ आकर्षण का नया केंद्र

हल्द्वानी/रामनगर 13 नवम्बर 2026 मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार पर्यावरण संरक्षण के साथ पर्यटन विकास और स्थानीय आजीविका को बढ़ावा देने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। इसी सोच को धरातल पर उतारता रामनगर का नगर वन (सिटी फॉरेस्ट) प्रकृति संरक्षण, मनोरंजन और पर्यटन का आकर्षक केंद्र बनकर उभर रहा है।
रामनगर वन प्रभाग द्वारा 47.60 लाख रुपये की लागत से 17 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित इस नगर वन में नवग्रह वाटिका, नक्षत्र वाटिका, पंचवटी, बाल वाटिका, तितली वाटिका, गुलाब वाटिका, रुद्राक्ष वाटिका, त्रिफला वाटिका, मियावाकी वन और पॉलिनेटर पार्क सहित कई आकर्षक स्थल विकसित किए गए हैं।

बच्चों और स्थानीय नागरिकों के लिए खास आकर्षण
नगर वन में विकसित बाल वाटिका बच्चों के लिए मनोरंजन का विशेष केंद्र है। यहां बच्चे खेलकूद के साथ प्रकृति को करीब से जानने का अवसर प्राप्त कर रहे हैं। वहीं लगभग दो किलोमीटर लंबा वॉकिंग ट्रैक स्थानीय नागरिकों को हरियाली के बीच सुबह-शाम टहलने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सुविधा प्रदान करता है।

पर्यटन के साथ स्थानीय रोजगार को बढ़ावा
कॉर्बेट नेशनल पार्क के लिए प्रसिद्ध रामनगर में नगर वन पर्यटकों के लिए एक अतिरिक्त आकर्षण बन रहा है। यहां प्रकृति भ्रमण, बर्ड वॉचिंग और एडवेंचर गतिविधियों के माध्यम से पर्यटकों को नया अनुभव मिलता है। पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से स्थानीय गाइड, परिवहन, खानपान और छोटे कारोबार से जुड़े लोगों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं को भी प्रोत्साहन मिल रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। रामनगर का नगर वन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो हरियाली को संरक्षित करने के साथ बच्चों, स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को प्रकृति से जोड़ रहा है।

Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page