भैया दूज पर नैनीताल पुलिस अलर्ट, बाजारों से संवेदनशील इलाकों तक सघन चेकिंग

नैनीताल। भैया दूज पर्व पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नैनीताल पुलिस ने जिलेभर में चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देश पर थाना पुलिस, यातायात पुलिस, सीपीयू और बीडीएस की संयुक्त टीमें प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर तैनात हैं।

पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही है। पर्व के दौरान सड़कों पर वाहनों की आवाजाही सुचारू रखने और जाम की स्थिति से निपटने के लिए यातायात पुलिस और सीपीयू भी सक्रिय हैं। वहीं, बीडीएस टीम सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा मानकों की जांच कर रही है।

एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कड़ी निगरानी और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। नैनीताल पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, शांति-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग देने और किसी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को देने की अपील की है।

Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page