दीपावली की छुट्टी पर घर जा रहे युवक को टैक्सी में बैठाने के बहाने सुनसान स्थान पर ले जाकर लूटपाट करने वाले 02 अभियुक्त गिरफ्तार

लगभग 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर पुलिस ने आरोपियों तक पहुंच बनाई, लूटा गया आईफोन, सोने की बाली, हेडफोन व ₹5,000 की नकदी बरामद

दिनांक 07.11.2026 को वादी मुकदमा श्री मुकेश भट्ट निवासी बेरीनाग, जनपद पिथौरागढ़ द्वारा कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर दी गई कि वह चंडीगढ़ में प्राइवेट नौकरी करते हैं तथा दीपावली की छुट्टियों में अपने घर बेरीनाग जाने के लिए चंडीगढ़ से बस द्वारा हल्द्वानी पहुंचे थे।

हल्द्वानी रोडवेज बस स्टेशन पर पिथौरागढ़ जाने के लिए टैक्सी की तलाश के दौरान 02 अज्ञात व्यक्ति उनसे मिले और प्रेम टॉकीज के पास टैक्सी खड़ी होने की बात कहकर अपने साथ ले गए। इसके बाद दोनों अभियुक्त वादी को एक सुनसान स्थान पर ले गए और उनका आईफोन, ₹7,000 की नकदी, हेडफोन तथा कान की सोने की बाली लूटकर फरार हो गए।

वादी की तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में मु0अ0सं0-383/2026, धारा 309(4) BNS बनाम 02 अज्ञात पंजीकृत किया गया।

पुलिस की कार्यवाही एवं गिरफ्तारी

मामले में डॉ0 मंजूनाथ टीसी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल द्वारा संबंधित अधिकारियों को मामले के शीघ्र अनावरण के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में घटना के अनावरण एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली श्री विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा विभिन्न स्थानों पर लगभग 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। साथ ही सुरागरसी-पतारसी किया गया।

आज दिनांक 09.11.2026 को पुलिस टीम ने रेलवे क्रॉसिंग राजपुरा के पास से निम्नलिखित दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया—

1. अभय सिंह उर्फ उड़ी पुत्र बबलू सिंह, निवासी वार्ड नंबर-12, राजपुरा, थाना हल्द्वानी, जनपद नैनीताल
2. सूरज आर्य पुत्र यशपाल आर्य, निवासी वार्ड नंबर-12, राजपुरा, थाना हल्द्वानी, जनपद नैनीताल

बरामदगी का विवरण-

गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से वादी मुकदमा से लूटी गई निम्नलिखित संपत्ति बरामद की गई—

– 01 आईफोन
– 01 छोटी पीली धातु की कान की बाली
– ₹5,000 नकद
– 01 हेडफोन

बरामदगी के आधार पर अभियोग में धारा 317(2) BNS की वृद्धि करते हुए दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस टीम-

1. उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, प्रभारी चौकी भोटिया पड़ाव,
2. कांस्टेबल विजय भारद्वाज
3. कांस्टेबल सतबीर सिंह

Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page