दो दिवंगत राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान में सादगी से मनाया गया उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस
सांसद अजय भट्ट ने कहा—राज्य आंदोलनकारी हमारे आदर्श, उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता

नैनीताल, 09 नवंबर 2026 उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर इस बार नैनीताल के डीएसए मैदान में आयोजित कार्यक्रम दो दिवंगत राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि देने के साथ सादगीपूर्वक मनाया गया। पूर्व विधायक स्वर्गीय नारायण सिंह जंतवाल एवं स्वर्गीय लक्ष्मी नारायण लोहनी ‘लच्छू दा’ के निधन पर सम्मान प्रकट करते हुए आयोजन की भव्यता को सीमित रखा गया। कार्यक्रम में दो मिनट का मौन रखकर दोनों दिवंगत आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
सांसद अजय भट्ट ने बताया कि दिवंगत आंदोलनकारियों के सम्मान में सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं नौकायन प्रतियोगिता निरस्त कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने कहा कि राज्य गठन के बाद उत्तराखंड लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ा है। सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों ने अपने-अपने कार्यकाल में राज्य के विकास में योगदान दिया है। वर्तमान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास कार्यों को नई गति मिली है और प्रदेश विभिन्न क्षेत्रों में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
कार्यक्रम से पूर्व सांसद अजय भट्ट, दिनेश आर्य, विधायक सरिता आर्या, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित जनप्रतिनिधियों एवं राज्य आंदोलनकारियों ने जू रोड स्थित राज्य आंदोलनकारी शहीद स्मारक पहुंचकर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
सांसद अजय भट्ट एवं दिनेश आर्य ने कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण में आंदोलनकारियों का योगदान अतुलनीय है। राज्य आंदोलनकारी हमारे आदर्श हैं। उनके सम्मान, कल्याण और समस्याओं के समाधान के लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। उनकी मांगों को पूरा करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
**स्थानीय उत्पादों और महिला समूहों का बढ़ाया उत्साह**
कार्यक्रम के दौरान सांसद अजय भट्ट एवं दिनेश आर्य ने विभिन्न विभागों और महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता एवं विविधता की सराहना करते हुए स्वयं भी खरीदारी की। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना और ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना को धरातल पर उतारना जरूरी है। इस दौरान महिला स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं का उत्साहवर्धन भी किया गया।
कार्यक्रम में विधायक सरिता आर्या, नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल, दर्जा राज्यमंत्री भावना मेहरा, शांति मेहरा, सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, सचिव जिला विकास प्राधिकरण मनीष कुमार, एसडीएम नवाज़िश खलिक, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, एपीडी चंदा फर्त्याल सहित राज्य आंदोलनकारी मनोज जोशी, पुष्कर मेहरा, पूरन सिंह मेहरा, मोहन पाल, समीर आर्य, दया किशन पोखरिया, प्रकाश आर्य एवं नितिन कार्की सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।








