राज्य स्थापना दिवस पर शहीदों को नमन, राज्य आंदोलनकारियों का शॉल ओढ़ाकर सम्मान

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर हल्द्वानी सहित जिले की विभिन्न तहसीलों में आंदोलनकारियों को वितरित किए गए डिजिटल आईडी कार्ड

हल्द्वानी, 09 नवंबर 2026। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज सभागार में राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्य आंदोलनकारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया तथा आंदोलनकारियों के ऐतिहासिक संघर्ष, त्याग और योगदान को याद किया गया।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक स्वर्गीय नारायण सिंह जंतवाल के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

इस अवसर पर वक्ताओं ने उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन के दौरान दिखाई गई एकजुटता और शहीदों के बलिदान को याद करते हुए राज्य के विकास में आंदोलनकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि बीते 26 वर्षों में प्रदेश ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। राज्य की विकास योजनाओं और नीतियों पर चर्चा करते हुए सभी से उत्तराखंड को और अधिक मजबूत एवं विकसित बनाने में सहयोग करने की अपील की गई।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में राज्य आंदोलनकारियों को हल्द्वानी सहित जनपद की विभिन्न तहसीलों में डिजिटल आईडी कार्ड भी वितरित किए गए। इस पहल को राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान और उनकी पहचान को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।

समारोह में दर्जा मंत्री हुकम सिंह कुंवर, डॉ. अनिल कपूर डब्बू, मोहन पाठक, शंकर कोरंगा एवं केदार पलड़िया ने अपने विचार रखे।

कार्यक्रम में राज्य आंदोलनकारी जगमोहन चिलवाल, लक्ष्मी डंगवाल, अवतार सिंह, तरुण पंत, कैलाश साह, पंकज सुयाल, केशव दत्त, रीता फर्त्याल, भास्कर बृजवासी, धर्मानंद पलड़िया एवं हेमंत बगड़वाल सहित अन्य आंदोलनकारी मौजूद रहे।

इस अवसर पर नगर आयुक्त परितोष वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, उपजिलाधिकारी मोनिका सहित विभिन्न अधिकारी एवं राज्य आंदोलनकारी उपस्थित रहे।

Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page