भीमताल में उद्यमियों की समस्याओं पर सख्त निर्देश, उद्योग मित्र पोर्टल की शिकायतों का होगा समयबद्ध निस्तारण
सड़क, बिजली, पानी, बैंक ऋण और जीएसटी से जुड़े मुद्दों पर चर्चा; सिडकुल को कचरा प्रबंधन सुधारने के निर्देश

भीमताल, 24 अक्टूबर। जनपद में औद्योगिक विकास को गति देने और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए विकास भवन सभागार, भीमताल में जिला स्तरीय उद्योग मित्र समिति की बैठक आयोजित की गई। मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न औद्योगिक संगठनों और उद्यमियों ने अपनी समस्याएं रखीं। सीडीओ ने संबंधित विभागों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
बैठक में सड़क संपर्क, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, प्रदूषण अनापत्ति, बैंक ऋण, जीएसटी, श्रम और परिवहन से संबंधित मामलों पर चर्चा हुई। सीडीओ ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप जनपद में उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जाए, ताकि निवेश को प्रोत्साहन मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित हों।
उद्योग मित्र पोर्टल की शिकायतों की होगी निगरानी
मुख्य विकास अधिकारी ने महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र को उद्योग मित्र पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) और अन्य विभागीय योजनाओं के माध्यम से पात्र उद्यमियों को लाभान्वित करने पर जोर दिया।
वैकल्पिक मोटर मार्गों के निर्माण पर चर्चा
बैठक में महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र पल्लवी गुप्ता ने जनपद में औद्योगिक गतिविधियों की स्थिति और प्रगति की जानकारी दी। बाजूनियाहल्दु-पतलिया से कोटाबाग तक वैकल्पिक मोटर मार्ग विकसित करने सहित सूर्या गांव-सातताल मोटर मार्ग और डानपरेवा मार्ग से जुड़े निर्माण कार्यों पर भी चर्चा हुई। इन कार्यों को लोक निर्माण विभाग द्वारा किया जाना है।
सिडकुल को कचरा प्रबंधन सुधारने के निर्देश
सीडीओ ने क्षेत्रीय प्रबंधक सिडकुल, भीमताल को क्षेत्र में कचरा उठाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त भीमताल क्षेत्र में आवंटित और रिक्त औद्योगिक प्लॉटों तथा बकायेदारों की सूची सोमवार तक तैयार कर साझा करने को कहा गया, ताकि संबंधित मामलों की समीक्षा की जा सके।
बैठक में नगर पालिका परिषद भीमताल के अधिशासी अधिकारी की अनुपस्थिति पर मुख्य विकास अधिकारी ने गहरी नाराजगी जताई।
बैठक में जिला उद्योग केंद्र, सिडकुल, विद्युत, लोक निर्माण, श्रम, प्रदूषण नियंत्रण, नगर पालिका, जल संस्थान, पेयजल निगम, परिवहन, खनन, जीएसटी और जिला अग्रणी बैंक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा कुमाऊं-गढ़वाल चैंबर ऑफ कॉमर्स, सिडकुल मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन और विभिन्न औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारियों ने भी प्रतिभाग किया।








