नैनीताल में पुलिस परिवार ने भव्यता से मनाया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, हाईकोर्ट जज और कमिश्नर रहे मौजूद

मानस दर्पण | नैनीताल धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक उल्लास के अद्भुत संगम के बीच नैनीताल पुलिस परिवार द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन नैनीताल में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव अत्यंत भव्य और अलौकिक रूप से मनाया गया।

04 सितंबर 2026 की संध्या आयोजित इस विशाल कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों, उनके परिजनों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने शिरकत की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर उच्च न्यायालय उत्तराखंड के माननीय न्यायमूर्ति श्री राकेश थपलियाल एवं माननीय न्यायमूर्ति श्री आलोक मेहरा, हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री डीसीएस रावत, कुमाऊं मंडल आयुक्त श्री दीपक रावत, आईजी कुमाऊं श्रीमती निवेदिता कुकरेती, विधायक नैनीताल श्रीमती सरिता आर्या तथा एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. विशेष रूप से उपस्थित रहे।

स्टार नाइट शो ने बांधा समां

जन्माष्टमी महोत्सव का मुख्य आकर्षण स्टार नाइट शो रहा। जी टीवी फेम गायिका वैशाली की सुरीली आवाज ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। लोक गायक नीरज चुफाल ने कुमाऊंनी लोकगीतों से संस्कृति की महक बिखेरी, तो अंतरराष्ट्रीय गायक विशाल प्रकाश की भक्तिमय प्रस्तुति ने माहौल को कृष्णमय कर दिया। दिल्ली से आई विशाल डांस एंड क्रू की प्रस्तुति और पुलिस जवानों व उनके बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने तालियों की गड़गड़ाहट बटोरी।

पुलिस ने इस महोत्सव का फेसबुक पेज पर लाइव प्रसारण भी किया, जिसे एक लाख से अधिक लोगों ने देखा।

थानों की सजीव झांकियां बनीं केंद्र

उत्सव में जनपद के विभिन्न थानों, सीपीयू, यातायात, संचार और फायर स्टेशनों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित आकर्षक झांकियां बनाई गईं। मुख्य अतिथियों ने सभी झांकियों का अवलोकन कर पुलिसकर्मियों की कलात्मकता की सराहना की।

मध्यरात्रि में हुई पूजा-अर्चना

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद मध्यरात्रि में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी., उनकी धर्मपत्नी डॉ. नंदिता अरकेल, एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी सिटी मनोज कत्याल, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, एएसपी अमित कुमार, सीओ अंजना नेगी, सीओ रविकांत सेमवाल, सीएफओ गौरव किरार, सीओ विमल प्रसाद, आरआई हरकेश सिंह सहित समस्त पुलिस परिवार ने प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।

अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों, महिलाओं और बच्चों को अतिथियों द्वारा उपहार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page