नशे के खिलाफ नैनीताल पुलिस का शिकंजा कसा: मुखानी पुलिस ने 96 टेट्रा पैक अवैध शराब के साथ 21 वर्षीय युवक को दबोचा

हल्द्वानी। नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए नैनीताल पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना मुखानी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान 96 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 11/09/2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पूरे जनपद में नशा विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी श्री मनोज कुमार कत्याल एवं अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी श्री अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक मुखानी श्री सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम सैफी फॉर्म, फतेहपुर लामाचौड़ क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी।

चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध युवक रोहित पल्डिया (उम्र 21 वर्ष) को रोककर तलाशी ली, तो उसके कब्जे से 96 टेट्रा पैक देशी मसालेदार शराब (माल्टा मार्का) बरामद हुई। युवक अवैध रूप से शराब की तस्करी कर रहा था।

पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध थाना मुखानी में मु0FIR नं0 144/26, धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब शराब की बरामदगी के स्रोत और इसके नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जनपद में नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नशा तस्करों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम:
अपर उप निरीक्षक राजेंद्र लाल वर्मा
हेड कांस्टेबल नारायण सिंह मर्तोलिया
कांस्टेबल पूरन सिंह


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page