डिग्री कॉलेज रामनगर के प्राचार्य को तेल डालकर जिंदा जलाने की धमकी, 3 युवकों पर FIR – हिरासत में लिए गए

रामनगर (नैनीताल), 08 अक्टूबर 2026 शासन के निर्देश पर डिग्री कॉलेज रामनगर में 08 अक्टूबर को आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ से ठीक पहले कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश का मामला सामने आया है। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में जिलाधिकारी नैनीताल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में जनता की मौजूदगी प्रस्तावित थी, जिसका उद्देश्य जनता की शिकायतों का मौके पर निस्तारण करना था।
पुलिस के अनुसार कार्यक्रम से पूर्व सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें तीन युवक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग पर पूर्व छात्रसंघ चुनाव को लेकर चर्चा कर रहे थे। चर्चा के दौरान युवकों द्वारा यह धमकी दी गई कि “कल सुबह 10:30 बजे इकट्ठा होकर ज्ञापन देंगे, और कार्रवाई न होने पर प्रिंसिपल के ऊपर तेल डालकर आग लगा देंगे।”
मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक रामनगर श्री सुशील कुमार ने तत्काल संज्ञान लिया। कोतवाली रामनगर में FIR No. 319/2026 धारा 224, 351(1) BNS के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। धारा 224 लोक सेवक को उसके कर्तव्य से रोकने के लिए धमकी और धारा 351(1) गंभीर आपराधिक धमकी से संबंधित है।
पुलिस ने तीनों नामजद अभियुक्तों को हिरासत में ले लिया है:
1. अनस (21) पुत्र जुल्फकार, निवासी शक्तिनगर पुछरी
2. कपिल बिष्ट (26) पुत्र त्रिलोक सिंह, निवासी किशनपुर छोई
3. सानिब सिद्धकी (24) पुत्र अजीम, निवासी टांडा, रामनगर
तीनों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
नैनीताल पुलिस मीडिया सैल ने बताया कि सोशल मीडिया पर इस तरह से भय फैलाने और लोक सेवकों के कार्यों में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।







