गुलाबघाटी में पैराफिट से टकराई बुलेट, खाई में गिरे चालक को काठगोदाम पुलिस ने किया रेस्क्यू – सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती

हल्द्वानी। काठगोदाम थाना क्षेत्र के गुलाबघाटी में बीती रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पैराफिट से टकराकर बुलेट सवार युवक गहरी खाई में गिर गया। सूचना पर पहुंची काठगोदाम पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया, जिससे उसकी जान बच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 09.09.2026 को रात लगभग 01:07 बजे थाना काठगोदाम को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि गुलाबघाटी में हनुमान मंदिर के पास एक बुलेट मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में पड़ी है और चालक मौके पर नहीं है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली काठगोदाम पुलिस ने तत्काल पीसी-04 मय चीता कर्मचारियों को मौके पर रवाना किया। घटनास्थल पर भद्यूनी जाने वाले मार्ग के पास हनुमान मंदिर, गुलाबघाटी के समीप बुलेट मोटरसाइकिल संख्या DL8SDS5488 क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली।
मौके पर मौजूद राहगीरों ने बताया कि चालक पैराफिट से टकराकर नीचे गधेरे में गिर गया है। पुलिस टीम ने टॉर्च की रोशनी से खाई में तलाश की तो घायल व्यक्ति पेड़ और झाड़ियों में फंसा हुआ मिला। पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला।
बताया जा रहा है कि घायल व्यक्ति अत्यधिक नशे की हालत में था और बोलने की स्थिति में नहीं था, हालांकि होश में था। पुलिस टीम ने तत्काल उसे पीसी-04 वाहन से उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसके पैर में चोट आई है और स्थिति सामान्य है।
ई-चालान ऐप से वाहन की जांच करने पर बुलेट दारा सिंह पुत्र भगवान दास निवासी नेहरू इन्कलेव, अलीपुर, नई दिल्ली के नाम पंजीकृत मिली। वाहन स्वामी से संपर्क करने पर पता चला कि उक्त मोटरसाइकिल उनके जमाई भूपेश कुमार पुत्र चन्द्र प्रकाश, उम्र लगभग 42 वर्ष, निवासी रोहिणी, दिल्ली द्वारा किसी कार्य हेतु दिल्ली से काठगोदाम लाई गई थी।
काठगोदाम पुलिस की इस त्वरित और मानवीय कार्रवाई की स्थानीय लोगों द्वारा सराहना की जा रही है।







