कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से की मुलाकात, भीमताल विधानसभा क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं के समाधान एवं विकास कार्यों के लिए धनराशि स्वीकृत करने का किया आग्रह
स्वास्थ्य, सड़क, शिक्षा एवं पेयजल सहित मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं से मुख्यमंत्री को कराया अवगत

देहरादून। कैबिनेट मंत्री श्री राम सिंह कैड़ा ने आज देहरादून में प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर भीमताल विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं एवं विकास कार्यों के संबंध में विस्तार से चर्चा की।

इस दौरान मंत्री कैड़ा ने मुख्यमंत्री को भीमताल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य, सड़क, शिक्षा, पेयजल सहित अन्य मूलभूत समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने क्षेत्र की जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न विकास कार्यों के लिए आवश्यक धनराशि स्वीकृत करने का आग्रह किया।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी कई स्थानों पर सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाने की आवश्यकता है। क्षेत्र के समग्र विकास एवं आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए इन कार्यों का शीघ्र पूरा होना बेहद आवश्यक है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से जनहित से जुड़े इन महत्वपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने तथा प्रस्तावित विकास कार्यों के लिए जल्द धनराशि स्वीकृत करने का आग्रह किया।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि उनका निरंतर प्रयास है कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुंचे तथा ग्रामीणों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनहित एवं क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।







