धारी ब्लॉक में तीन दिवसीय स्काउट एंड गाइड शिविर का आगाज, 100 से अधिक बच्चों को समाजसेवियों ने बांटी चॉकलेट, फ्रूटी, बिस्किट और नमकीन; शिक्षकों एवं पदाधिकारियों ने की पहल की सराहना

नैनीताल। नैनीताल जिले के विकासखंड धारी में 27 नवंबर 2026 को तीन दिवसीय ब्लॉक स्तरीय टोली नायक एवं द्वितीय सोपान स्काउट एंड गाइड प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हो गया। 27 से 29 नवंबर तक चलने वाले इस शिविर में विकासखंड के 100 से अधिक बच्चे प्रतिभाग कर रहे हैं। शिविर के पहले दिन समाजसेवियों की ओर से बच्चों को चॉकलेट, फ्रूटी, बिस्किट एवं नमकीन निःशुल्क वितरित किए गए। धारी ब्लॉक स्काउट गाइड के ब्लॉक सचिव श्रीमान भवन चंद्र सुठा जी ने समाजसेवियों से संपर्क कर शिविर में शामिल बच्चों के लिए खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने का आग्रह किया था।

 

उनके अनुरोध पर समाजसेवियों ने बच्चों के लिए यह विशेष सहयोग प्रदान किया। इस पहल में समाजसेवी हेमंत गौनिया, वंश गौनिया, अमित रस्तोगी, रेंजर नवल किशोर, कपिल, रेंजर दीपक तिवारी, अशोक कटारिया, प्रत्यूष कुमार एवं राजीव कश्यप का सहयोग रहा।

पहले दिन बच्चों में खाद्य सामग्री मिलने से खासा उत्साह दिखाई दिया। शिविर में मौजूद शिक्षकों एवं स्काउट गाइड के पदाधिकारियों ने समाजसेवियों के इस सहयोग की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। यह तीन दिवसीय शिविर आगामी 29 नवंबर तक जारी रहेगा और अगले दो दिनों में भी बच्चों के प्रशिक्षण के साथ सामाजिक सहयोग का सिलसिला आगे बढ़ेगा। समाजसेवियों का कहना है कि सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाना और उनका उत्साह बढ़ाना ही उनकी मुहिम का उद्देश्य है। पिछले कई वर्षों से 15 अगस्त, 26 जनवरी, बाल दिवस, खेल महाकुंभ, होली और दीपावली सहित विभिन्न अवसरों पर बच्चों को खाद्य सामग्री, कपड़े, शैक्षिक सामग्री एवं आवश्यक वस्तुएं वितरित की जाती रही हैं। खास बात यह है कि इस पूरी सामाजिक मुहिम के पीछे न कोई एनजीओ है और न ही कोई सरकारी आर्थिक सहायता। सभी समाजसेवी आपसी सहयोग एवं निजी संसाधनों से यह कार्य करते हैं। समाजसेवियों ने कहा कि बच्चों की शिक्षा, खेलकूद और सर्वांगीण विकास में समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को आगे आकर सहयोग करना चाहिए। धारी ब्लॉक के स्काउट एंड गाइड शिविर में बच्चों को दिया गया यह निःशुल्क उपहार इसी सेवा भावना और सामाजिक संकल्प का उदाहरण है।

Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page