उत्तराखंड विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारी तेज, नैनीताल में 23 अक्टूबर से EVM-VVPAT की जांच शुरू

हल्द्वानी में ईवीएम वेयरहाउस में होगी प्रथम स्तरीय जांच, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रक्रिया का साक्षी बनने का आमंत्रण

हल्द्वानी, 22 अक्टूबर। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत जनपद नैनीताल में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) और वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (VVPAT) की प्रथम स्तरीय जांच (FLC) 23 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। यह प्रक्रिया हल्द्वानी स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस में की जाएगी।

अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रत्येक सामान्य एवं उपचुनाव में इस्तेमाल होने वाली ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच जिला निर्वाचन अधिकारी की देखरेख में निर्माता कंपनी इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ECIL) के अधिकृत इंजीनियरों द्वारा की जाती है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि लोकसभा और विधानसभा के सामान्य एवं उपचुनावों में केवल प्रथम स्तरीय जांच में प्रमाणित ईवीएम और वीवीपैट मशीनों का ही उपयोग किया जाता है। इस जांच का उद्देश्य निर्वाचन में इस्तेमाल होने वाली मशीनों की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जांच और प्रमाणीकरण सुनिश्चित करना है।

प्रतिदिन सुबह 9 से शाम 7 बजे तक चलेगी प्रक्रिया

निर्वाचन विभाग के अनुसार हल्द्वानी स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस में 23 अक्टूबर से जांच का कार्य समाप्त होने तक प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक एफएलसी की जाएगी। इस दौरान रविवार और अन्य सार्वजनिक अवकाश के दिन भी प्रक्रिया जारी रहेगी।

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि बन सकेंगे साक्षी

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों, महासचिवों, महामंत्रियों और सचिवों से अनुरोध किया है कि वे एफएलसी प्रक्रिया का साक्षी बनने के लिए अपने प्रतिनिधियों को अधिकृत करें। इस संबंध में राजनीतिक दलों के प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों को भी सूचना भेजी गई है।

प्रशासन के मुताबिक एफएलसी प्रक्रिया की निगरानी जिला निर्वाचन अधिकारी के अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी तथा भारत निर्वाचन आयोग के स्तर से भी की जाती है। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की सहभागिता से प्रक्रिया के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालन में सहयोग मिलेगा।

निर्वाचन आयोग के मैनुअल में उपलब्ध है विस्तृत जानकारी

एफएलसी की विस्तृत प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के मैनुअल ऑन इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन, संस्करण-9 (अगस्त 2026) के अध्याय-2 में दी गई है। यह मैनुअल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://www.eci.gov.in/evm-vvpat पर उपलब्ध है।

 


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page