उत्तराखंड में मौसम का बड़ा अलर्ट: अगले 3 घंटों में 5 जिलों में आंधी-तूफान और भारी बारिश की चेतावनी

देहरादून / नैनीताल, 29 अगस्त: उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर रौद्र रूप दिखा सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), देहरादून केंद्र ने अगले 3 घंटों के लिए तत्काल मौसम चेतावनी (Nowcast Warning) जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार अल्मोड़ा, चंपावत, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और देहरादून जिले के कुछ स्थानों पर बिजली कड़कने के साथ आंधी-तूफान और मध्यम से भारी / बहुत तेज बारिश होने की प्रबल संभावना है।

किन जिलों में कितना असर?

1. कुमाऊं के पहाड़ी जिले – अल्मोड़ा, चंपावत, नैनीताल:
इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज गर्जना और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। कुछ स्थानों पर 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं (Gusty Wind) चल सकती हैं। IMD ने पहले भी इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया था।

2. मैदानी जिले – ऊधम सिंह नगर और देहरादून:
देहरादून में इस समय बारिश का सिलसिला जारी है और अगले कुछ घंटों में गरज के साथ बौछारें तेज हो सकती हैं। ऊधम सिंह नगर में भी जलभराव और तेज हवाओं की संभावना है। इन दोनों जिलों को भी अलर्ट लिस्ट में रखा गया है।

मौसम विभाग ने कहा है – “Very heavy rain / thunderstorm accompanied with lightning / intense spell of rain likely to occur at isolated places”

प्रशासन और जनता के लिए एडवाइजरी

सुरक्षित रहें: अगले 3 घंटे में खुले खेत, ऊंचे पेड़, बिजली के खंभों और कच्चे मकानों से दूर रहें। बिजली कड़कने के दौरान मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग सावधानी से करें।
यात्रा से बचें: पहाड़ी मार्गों पर भूस्खलन और सड़कों पर जलभराव की संभावना है, अनावश्यक यात्रा टालें।
किसान भाई ध्यान दें: कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थान पर रखें।
प्रशासन अलर्ट पर: सभी संबंधित जिलों के डीएम और आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम की ताजा जानकारी के लिए IMD की आधिकारिक वेबसाइट mausam.imd.gov.in पर नजर बनाए रखें। अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन बारिश का दौर जारी रह सकता है।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page