प्रेम प्रसंग में युवती के गर्भवती होने पर शादी से मुकरा युवक, कोतवाली में घंटों चला हंगामा

हल्द्वानी। शादी का झांसा देकर प्रेम संबंध बनाने और युवती के गर्भवती होने के बाद शादी से इनकार करने का मामला हल्द्वानी कोतवाली पहुंच गया। मामले को लेकर कोतवाली में देर तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। पुलिस ने युवक को पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाया, जहां दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक समझौते के प्रयास हुए।
जानकारी के अनुसार, युवक मूल रूप से अल्मोड़ा का निवासी है और वर्तमान में अपने परिवार के साथ हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र में रहता है। वहीं, करीब 20 वर्षीय युवती भी इसी क्षेत्र की रहने वाली है। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध बताए जा रहे हैं।
युवती का आरोप है कि युवक ने उससे शादी का वादा किया था। इसी भरोसे दोनों के बीच संबंध बने, जिसके बाद वह करीब दो माह की गर्भवती हो गई। जब युवती ने इसकी जानकारी युवक को दी तो उसने शादी से इनकार कर दिया। युवती का आरोप है कि युवक ने उस पर अन्य युवकों से संबंध होने का आरोप लगाते हुए जिम्मेदारी लेने से भी इनकार कर दिया, जबकि युवती का कहना है कि गर्भ में पल रहा बच्चा उसी युवक का है।
शादी से इनकार किए जाने के बाद युवती तहरीर लेकर हल्द्वानी कोतवाली पहुंची। शिकायत मिलने पर पुलिस युवक को पूछताछ के लिए कोतवाली ले आई। सूचना मिलने पर युवक के परिजन और अन्य लोग भी कोतवाली पहुंच गए। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बहस और हंगामे की स्थिति बनी रही।
बताया जा रहा है कि पुलिस कार्रवाई की संभावना देखते हुए युवक शादी के लिए तैयार हो गया, लेकिन उसके परिजनों ने सहमति नहीं दी। बताया गया कि युवती अनुसूचित जाति से है, जबकि युवक सवर्ण समाज से संबंध रखता है, जिसके चलते परिजनों ने विवाह का विरोध किया।
कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि युवती शादी करना चाहती है। यदि दोनों पक्ष आपसी सहमति से विवाह करना चाहते हैं तो पुलिस को कोई आपत्ति नहीं है। वहीं, यदि युवती लिखित शिकायत देती है तो तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।






