नरेश पांडे रेप केस में ट्विस्ट, आरोप लगाने वाली महिला पॉक्सो में अरेस्ट, छात्राओं को सेक्स रैकेट में धकेलने का भी आरोप

भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे पर रेप का आरोप लगाने वाली पहली महिला के खुद के जाल में फंस गई. जानिए कैसे?

हल्द्वानी: नैनीताल जिले के भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे से जुड़े चर्चित दुष्कर्म प्रकरण में बड़ा और चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है. जिस युवती ने सबसे पहले नरेश पांडे के खिलाफ दुष्कर्म, शारीरिक शोषण और गर्भपात कराने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था, अब वही युवती खुद सलाखों के पीछे पहुंच गई है.

एक अन्य युवती की शिकायत के आधार पर मल्लीताल पुलिस ने पहली शिकायतकर्ता के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, मानव तस्करी, दुष्कर्म कराने का प्रयास, मारपीट और जान से मारने की धमकी समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया. न्यायालय में पेश किए जाने के बाद अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया.

आरोपी महिला पर गंभीर आरोप: पुलिस के अनुसार पूरे मामले में नया मोड़ तब आया, जब एक अन्य युवती ने कोतवाली मल्लीताल में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि पहली शिकायतकर्ता युवती उसे बहला-फुसलाकर काठगोदाम स्थित एक होटल में ले गई थी. वहां पहले से मौजूद नरेश पांडे के सामने उसे जबरन शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डाला गया.

दूसरी पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की: पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और धमकियां दी गईं. शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि घटना के समय उसकी उम्र 17 वर्ष 11 माह थी, जिसके चलते मामला पॉक्सो एक्ट के दायरे में भी आया. पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की.

आरोपी महिला को पुलिस ने किया अरेस्ट: प्रथम दृष्टया आरोपों को गंभीर मानते हुए मल्लीताल पुलिस ने पहली शिकायतकर्ता युवती के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, मानव तस्करी तथा अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया. मंगलवार सुबह पुलिस ने आरोपी महिला को उसके घर से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.

कॉलेज की छात्राओं को जाल में फंसाने का आरोप: नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि पुलिस जांच में कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं. प्रारंभिक जांच के अनुसार मुख्य आरोपी नरेश पांडे और पहली शिकायतकर्ता युवती कथित रूप से कॉलेज की भोली-भाली छात्राओं को अपने प्रभाव में लेकर उन्हें सेक्स रैकेट की ओर धकेलने का काम करते थे.

पुलिस का दावा है कि दोनों के संपर्क में कई अन्य युवतियां भी थीं. इनमें से अब एक युवती सामने आई है, जिसकी शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई है. एसएसपी ने कहा कि मामले की जांच अभी जारी है और यदि अन्य पीड़िताएं सामने आती हैं तो उनके बयानों के आधार पर भी विधिक कार्रवाई की जाएगी.

मुख्य आरोपी नरेश पांडे पहले ही जेल में बंद: गौरतलब है कि इस मामले में मुख्य आरोपी नरेश पांडे को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है. अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था. अब पहली शिकायतकर्ता युवती की गिरफ्तारी के बाद यह मामला नए मोड़ पर पहुंच गया है और जांच का दायरा भी बढ़ गया है.

फरार होने की तैयारी में थी आरोपीत: सूत्रों के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि पहली शिकायतकर्ता युवती गिरफ्तारी से बचने के लिए अपना गांव छोड़ने की तैयारी में थी. बताया जा रहा है कि उसने पहले देहरादून जाने और वहां से जयपुर रवाना होने की योजना बनाई थी. सूत्रों का यह भी दावा है कि उसके वाहन की बुकिंग हो चुकी थी और देहरादून से जयपुर की हवाई टिकट भी बुक थी. पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए मंगलवार सुबह उसके घर से गिरफ्तार कर लिया/ हालांकि, इस संबंध में पुलिस ने आधिकारिक रूप से कोई विस्तृत पुष्टि नहीं की है/

जांच के दायरे में कई पहलू: पुलिस अब पूरे प्रकरण के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है. होटल के रिकॉर्ड, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का मानना है कि इस चर्चित मामले में आने वाले दिनों में और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं.


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page