सीपीयू टीम ने तत्परता दिखाते हुए राह भटके 8 वर्षीय मासूम बच्चे को सकुशल परिजनों से मिलाया, परिजनों ने जताया आभार

दिनांक 26 जून 2026 को नैनीताल पुलिस की सीपीयू टीम ने एक बार फिर मानवता का परिचय देते हुए एक राह भटके मासूम बच्चे को उसकी बहन से मिलाकर सकुशल सुपुर्द किया।

आज दोपहर लगभग 12:40 बजे, FTI तिराहे पर चेकिंग के दौरान प्रभारी सीपीयू श्री जगदीश राम कोहली, मय हमराह कानि० औसाफ अहमद व चालक घनश्याम चंदोला जम्बो वाहन के साथ मुस्तैदी से चेकिंग ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान टीम को एक मासूम बच्चा (उम्र लगभग 8 वर्ष) अकेले बदहवास हालत में मिला।
पूछताछ करने पर बच्चे ने रोते हुए बताया कि वह अपने घर का रास्ता भटक गया है। सीपीयू प्रभारी ने बच्चे को ढांढस बंधाया और प्यार से पूछताछ की, जिस पर बच्चे ने अपना नाम रजत और घर का पता देवलचौड़ बताया।

मासूम बच्चे की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए सीपीयू प्रभारी ने तत्काल बच्चे को अपने जम्बो सरकारी वाहन में बैठाया और उसे घर तक पहुंचाने के लिए देवलचौड़ क्षेत्र की ओर रवाना हुए।

देवलचौड़ क्षेत्र में काफी खोजबीन और स्थानीय लोगों से पूछताछ करने के दौरान, देवलचौड़ नहर के पास एक लड़की अपने भाई को ढूंढती हुई बेहद परेशान हालत में मिली। पुलिस टीम के वाहन में अपने भाई रजत को देखते ही वह खुशी से उछल पड़ी और बच्चे ने भी तुरंत पहचानते हुए कहा कि “ये मेरी दीदी हैं।”

मासूम बच्चे की बहन भारती पुत्री स्व0 राम किशोर निवासी: देवलचौड़ भारती ने बताया कि उसका छोटा भाई रजत काफी समय से घर से लापता था और पूरा परिवार उसे ढूंढकर थक चुका था और काफी डरा हुआ था।

पुलिस टीम द्वारा पूरी तस्दीक और पहचान करने के बाद, मासूम बालक रजत को उसकी बहन भारती के सुपुर्द किया गया। अपने भाई को सही-सलामत वापस पाकर बहन की आंखों में खुशी के आंसू छलक आए।

परिजनों और स्थानीय जनता ने सीपीयू टीम की इस त्वरित सूझबूझ, सहृदयता और त्वरित कार्रवाई की भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा नैनीताल पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

 


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page