विकास भवन भीमताल में सीडीओ का औचक निरीक्षण: कई अधिकारी-कर्मचारी बिना अवकाश मिले अनुपस्थित, गेस्ट हाउस में भी मिलीं अनियमितताएं

भीमताल। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अरविंद कुमार पांडे ने सोमवार को विकास भवन, भीमताल स्थित विभिन्न विभागीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई अधिकारी एवं कर्मचारी बिना पूर्व स्वीकृत अवकाश के अनुपस्थित मिले, जबकि कुछ कार्मिक कार्यालय में मौजूद होने के बावजूद उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर किए बिना पाए गए। सीडीओ ने सभी संबंधित कार्मिकों से स्पष्टीकरण तलब करते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
निरीक्षण के दौरान लघु सिंचाई विभाग में वरिष्ठ वैयक्तिक सहायक उमेश कुमार तथा वाहन चालक गौतम कुमार अनुपस्थित मिले। बाल विकास विभाग में वरिष्ठ सहायक कृपाल सिंह राणा, सांख्यिकी सहायक वरुण कुमार और वाहन चालक कैलाश बेलवाल बिना अवकाश स्वीकृति के अनुपस्थित पाए गए।
इसी प्रकार पंचायतीराज विभाग में वरिष्ठ सहायक प्रकाश चंद्र एवं कनिष्ठ सहायक रश्मी बाला, जबकि अल्पसंख्यक कल्याण विभाग में पीआरडी कर्मचारी हेमा आर्य अनुपस्थित मिलीं।
समाज कल्याण विभाग में वरिष्ठ सहायक राहुल कुमार, कनिष्ठ सहायक अनुज कुमार और कंप्यूटर ऑपरेटर मंजू जोशी कार्यालय में उपस्थित तो मिले, लेकिन उपस्थिति रजिस्टर में उनके हस्ताक्षर नहीं पाए गए। इस पर सीडीओ ने नाराजगी जताते हुए स्पष्टीकरण मांगा।
वहीं मुख्य उद्यान अधिकारी कार्यालय में वरिष्ठ सहायक राहुल भट्ट, मुख्य सहायक ज्ञानेंद्र पांडे, वाहन चालक धर्मेंद्र सिंह तथा सहायक विकास अधिकारी निर्मला भंडारी अनुपस्थित पाए गए। युवा कल्याण विभाग में पीआरडी कर्मचारी नवीन चंद्र, ललित कुमार तथा प्रशासनिक अधिकारी अश्विनी कुमार भी बिना अवकाश आवेदन के अनुपस्थित मिले।
मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी अनुपस्थित कार्मिकों से स्पष्टीकरण प्राप्त कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
युवा कल्याण विभाग के गेस्ट हाउस में भी मिलीं खामियां
औचक निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने युवा कल्याण विभाग के गेस्ट हाउस का भी निरीक्षण किया। इस दौरान अभिलेखों एवं व्यवस्थाओं की गहन जांच में कई अनियमितताएं सामने आईं। निरीक्षण में पाया गया कि गेस्ट हाउस में दो व्यक्तियों के ठहरने का रिकॉर्ड तो था, लेकिन विजिटर रजिस्टर में उनका कोई उल्लेख दर्ज नहीं था।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने जिला युवा कल्याण अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब किया और विस्तृत आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
कक्ष आवंटन के लिए बनेगी समिति
गेस्ट हाउस में कक्ष आवंटन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से सीडीओ ने परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला विकास अधिकारी एवं जिला युवा कल्याण अधिकारी की अध्यक्षता में एक समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं। समिति के अनुमोदन के बाद ही गेस्ट हाउस के कमरों का आवंटन सुनिश्चित किया जाएगा।
इसके साथ ही मुख्य विकास अधिकारी ने गेस्ट हाउस की साफ-सफाई, रखरखाव एवं व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।






