SSP के निर्देश पर हल्द्वानी में रातभर सघन चेकिंग, 70 वाहनों पर कार्रवाई, 6 शराबी चालक दबोचे

हल्द्वानी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए चलाए जा रहे वृहद सघन चेकिंग अभियान के तहत हल्द्वानी शहर में देर रात पुलिस ने कड़ा पहरा बिठाया।
एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार की अगुवाई में शहर के व्यस्ततम चौराहों पर रिजर्व पुलिस, सीपीयू और थाना पुलिस बल के साथ सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य ड्रंकन ड्राइविंग करने वालों, संदिग्ध व्यक्तियों और अराजक तत्वों पर नकेल कसना रहा।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने एमवी एक्ट के तहत 70 वाहनों पर कार्रवाई की, 10 वाहन सीज किए गए। नशे में वाहन चलाते हुए 6 चालक पकड़े गए, वहीं 5 वाहनों में ब्लैक फिल्म लगी पाई गई। इसके अलावा शस्त्र अधिनियम के तहत 1 व्यक्ति पर कार्रवाई की गई।
प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय मेहता, प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान, प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल, प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी सहित चौकी इंचार्जों व थाना पुलिस बल ने तिकोनिया, कुल्यालपुरा, नरीमन, कोलटैक्स, ताज चौराहा आदि मुख्य चौराहों पर अनावश्यक घूमने वाले, संदिग्ध वाहनों व युवकों की चेकिंग की। अनियमितता पाए जाने पर प्रभावी वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई गई।







