खुरपिया फॉर्म में महिला का शव मिलने से सनसनी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

बेरीपड़ाव की रहने वाली थी मृतका, मंगलवार शाम से थी लापता; पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

मोटाहल्दू (नैनीताल)। बेरीपड़ाव रेलवे क्रॉसिंग के समीप स्थित खुरपिया फॉर्म क्षेत्र में बुधवार सुबह एक महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेज दिया है। फिलहाल महिला की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान सुनीता (50 वर्ष) पत्नी स्वर्गीय संतपाल, निवासी गोलागेट बेरीपड़ाव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुनीता मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले की रहने वाली थी और लंबे समय से बेरीपड़ाव क्षेत्र में रह रही थी।
बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने खुरपिया फॉर्म क्षेत्र में एक महिला का शव पड़ा देखा। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली लालकुआं के प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन राणा तथा हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी अर्जुन नाथ गोस्वामी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।
मंगलवार शाम से लापता थी महिला
परिजनों से पूछताछ में पता चला कि सुनीता मंगलवार शाम से घर से लापता थी। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू कर दी थी, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया। बुधवार सुबह शव मिलने की सूचना मिलने पर परिजन घटनास्थल पहुंचे, जहां मृतका की पहचान की गई।
पांच बच्चों का परिवार छोड़ गई सुनीता
जानकारी के अनुसार सुनीता के परिवार में पांच बच्चे हैं। इनमें दो बेटियों की शादी हो चुकी है। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।
पुलिस कई पहलुओं पर कर रही जांच
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। ऐसे में पुलिस हत्या, आत्महत्या तथा अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
क्षेत्र में चर्चाओं का दौर
घटना के बाद बेरीपड़ाव और आसपास के क्षेत्रों में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। हालांकि पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जल्द ही घटना की सच्चाई सामने लाई जाएगी।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page