जिला बदर आरोपी 20 नशीले इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार

नैनीताल। जिला बदर किए जाने के बावजूद जनपद में दाखिल हुए एक आरोपी को बनभूलपुरा पुलिस ने 20 इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को 16 अक्टूबर को तीन माह के लिए जिला बदर किया गया था।

पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 21 अक्टूबर को गौला पार्किंग के पास चेकिंग के दौरान वसीम उर्फ चिंगाडू (43), निवासी गफूर बस्ती, वार्ड नंबर 24, बनभूलपुरा को पकड़ा गया।

पुलिस ने आरोपी के पास से ब्यूप्रेनॉर्फिन हाइड्रोक्लोराइड के 10 इंजेक्शन (2 एमएल) और एविल यानी फेनिरामाइन मैलिएट के 10 इंजेक्शन (10 एमएल) बरामद किए। पुलिस के अनुसार, जिला मजिस्ट्रेट नैनीताल के आदेश पर आरोपी को 16 अक्टूबर को तीन माह के लिए जिले की सीमा से बाहर किया गया था। इसके बावजूद उसके जनपद में प्रवेश करने पर जिला बदर आदेश के उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है।

बनभूलपुरा कोतवाली में आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 180/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 और उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम की धारा 3/10 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से दो एनडीपीएस और एक गुंडा नियंत्रण अधिनियम का अभियोग दर्ज है।

कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मनोज कुमार यादव, कांस्टेबल सुनील कुमार और कांस्टेबल दिलशाद अहमद शामिल रहे।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page