आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल, लामाचौड़ में स्वरचित कविता प्रतियोगिता संपन्न

हरफनमौला साहित्यिक संस्था के तत्वावधान में आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल, लामाचौड़ (हल्द्वानी) में 22 जुलाई को स्वरचित कविता प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी मौलिक रचनाओं का प्रभावशाली काव्य-पाठ किया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने हास्य, वीर, भक्ति एवं श्रृंगार रस के साथ-साथ विभिन्न समसामयिक विषयों पर भी स्वरचित कविताएँ प्रस्तुत कीं। राम मंदिर चढ़ावा चोरी, नीट पेपर लीक, लखनऊ अग्निकांड तथा अन्य सामाजिक विषयों पर आधारित रचनाओं ने श्रोताओं एवं निर्णायक मंडल को विशेष रूप से प्रभावित किया।

निर्णायकों ने कविता की मौलिकता, भाव, भाषा-शैली एवं प्रस्तुति के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को हरफनमौला साहित्यिक संस्था की ओर से प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को संस्था के आगामी विराट कवि सम्मेलन में काव्य-पाठ करने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम के समापन पर संस्था के अध्यक्ष गौरव त्रिपाठी ने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे साहित्यिक आयोजन बच्चों में सृजनशीलता, आत्मविश्वास और सामाजिक सरोकारों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य विरेन्द्र सिंह एवं शिक्षकों ने भी इस आयोजन की सराहना करते हुए भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।







