हल्द्वानी: स्मार्ट मीटर के विरोध में बिजली विभाग कार्यालय का घेराव, थाली बजाकर जताया आक्रोश

हल्द्वानी में स्मार्ट मीटर के कारण बढ़े हुए बिजली बिलों के विरोध में मंगलवार को बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने तिकोनिया स्थित बिजली विभाग कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने थाली बजाकर सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की तथा बढ़े हुए बिजली बिलों को तत्काल वापस लेने और उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की।

प्रदर्शन का नेतृत्व युवा नेता हेमन्त साहू और पार्षद प्रीति आर्या ने किया। इस दौरान सभा को संबोधित करते हुए हेमन्त साहू ने कहा कि स्मार्ट मीटर अब “डकैती मीटर” बन चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि मीटर लगाए जाने के बाद आम लोगों के बिजली बिल कई गुना बढ़ गए हैं। यदि यही स्थिति रही तो गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों की रसोई पर संकट आ जाएगा और लोग आर्थिक तंगी से परेशान होकर गंभीर कदम उठाने को मजबूर हो सकते हैं।
पार्षद प्रीति आर्या एवं कांग्रेस नेत्री दीपा खत्री ने कहा कि पहले जहां गरीब परिवारों के बिजली बिल 200 से 500 रुपये तक आते थे, वहीं स्मार्ट मीटर लगने के बाद कई उपभोक्ताओं के बिल हजारों रुपये पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिजली अधिनियम, 2003 के तहत उपभोक्ताओं के अधिकारों का सम्मान किया जाना चाहिए तथा सरकार को स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों का निष्पक्ष समाधान करना चाहिए। उन्होंने मांग की कि जिन उपभोक्ताओं के बिल असामान्य रूप से बढ़े हैं, उनकी जांच कर उन्हें तत्काल राहत दी जाए।
राजेन्द्र बिष्ट और संदीप भसोड़ा ने चेतावनी दी कि यदि जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र रूप दिया जाएगा।
प्रदर्शन में सचिन राठौर, रेखा जाटव, ज्योति आर्या, राम प्रसाद कश्यप गंगा राम आर्या, नितेश टम्टा, रोशनी आर्या, राखी शर्मा, मोहन कश्यप, साहिमा सिद्दीकी, जानकी तिवारी, सरिता आर्या, बबीता आर्या, केशव आर्या, नन्हीं बाल्मीकि नरेश गुप्ता सुशील राय भोपाल सिंह डंगवाल बनवारी लाल रमेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page