गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर एसएसपी नैनीताल ने बाबा नीम करौली महाराज का लिया आशीर्वाद, पुलिस के कोतवाली हल्द्वानी के संकट मोचन हनुमान मंदिर में हुआ पूजन एवं भंडारे का आयोजन


हल्द्वानी, दिनांक 29 जुलाई 2026 गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर डॉ. मंजूनाथ टीसी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल* द्वारा *कोतवाली हल्द्वानी परिसर स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में बाबा नीम करौली महाराज के श्रीचरणों में श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना एवं ध्यान कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया।
इस अवसर पर पुलिस प्रशासन की ओर से मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठान एवं श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु समुचित व्यवस्थाएं की गईं। मंदिर परिसर के बाहर सड़क पर आयोजित भंडारे में स्थानीय श्रद्धालुओं एवं भक्तजनों ने पुलिस का पूर्ण सहयोग करते हुए बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं आमजन ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया तथा आयोजन को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।
भंडारे के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी श्री मनोज कुमार कत्याल तथा प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन नैनीताल श्री हरकेश सिंह ने स्वयं श्रद्धालुओं एवं आमजन को प्रसाद वितरित कर सेवा भाव से सहभागिता निभाई तथा गुरु सेवा एवं जनसेवा का संदेश दिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी*ने सभी श्रद्धालुओं एवं जनपदवासियों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु का आशीर्वाद मानव जीवन का सबसे बड़ा मार्गदर्शन है। गुरु चाहे धर्मगुरु हों, इष्ट गुरु हों अथवा विद्यालय के शिक्षक, सभी हमारे जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं। उनके प्रति श्रद्धा, सम्मान एवं उनके मार्गदर्शन का अनुसरण करना हमारा सौभाग्य ही नहीं, बल्कि हमारा नैतिक कर्तव्य भी है।*कार्यक्रम श्रद्धा, सेवा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ, जिसमें पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, स्थानीय नागरिकों एवं श्रद्धालुओं की सक्रिय सहभागिता रही।








