खैरना इंटर कॉलेज में कंप्यूटर विषय शुरू कराने के लिए सांसद अजय भट्ट ने लिखा पत्र

हल्द्वानी। नैनीताल-ऊधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने जनपद नैनीताल के खैरना इंटर कॉलेज में कंप्यूटर विषय संचालित किए जाने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने माध्यमिक शिक्षा निदेशक, देहरादून को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

सांसद अजय भट्ट ने पत्र में कहा है कि क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान खैरना इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों, अभिभावकों, क्षेत्रीय जनता तथा जनप्रतिनिधियों ने विद्यालय में कंप्यूटर विषय शुरू किए जाने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कंप्यूटर शिक्षा की उपयोगिता लगातार बढ़ रही है, लेकिन विद्यालय में यह विषय उपलब्ध न होने से छात्र-छात्राएं आधुनिक एवं तकनीकी शिक्षा से वंचित हैं।
उन्होंने कहा कि कंप्यूटर विषय के अभाव में विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार के अवसरों में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। यदि विद्यालय में कंप्यूटर विषय संचालित किया जाता है तो क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा मिलेगी और उनके शैक्षणिक व व्यावसायिक भविष्य को नई दिशा प्राप्त होगी।

सांसद ने निदेशक माध्यमिक शिक्षा से जनहित एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए खैरना इंटर कॉलेज में आवश्यक मानकों के अनुरूप कंप्यूटर विषय स्वीकृत कर शीघ्र संचालन सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page