सारथी फाउंडेशन समिति ने प्राथमिक विद्यालय बमोरी को भेंट किए 2 इलेक्ट्रिक कूलर
उमस भरी भीषण गर्मी से स्कूली बच्चों को राहत दिलाने के लिए सारथी फाउंडेशन समिति ने मानवीय पहल करते हुए राजकीय प्राथमिक विद्यालय, बमोरी नगर को डा० सुरेश टम्टा जी के द्वारा विशेष सहयोग से 2 इलेक्ट्रिक कूलर भेंट किए।

दिनांक 22 सितम्बर को संस्था के अध्यक्ष नवीन पंत एवं सचिव ज्ञानेद्र जोशी ने विद्यालय परिसर में आयोजित एक संक्षिप्त कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती चम्पा पुरोहित को दोनों इलेक्ट्रिक कूलर सौंपे।
इस अवसर पर अध्यक्ष नवीन पंत ने कहा कि वर्तमान में पड़ रही उमस भरी गर्मी में छोटे-छोटे बच्चों को कक्षा में बैठने में परेशानी हो रही थी। बच्चों की समस्या को देखते हुए समिति द्वारा तत्काल इलेक्ट्रिक कूलर की व्यवस्था की गई है।
सचिव ज्ञानेद्र जोशी ने कहा कि सारथी फाउंडेशन समिति निरंतर शिक्षा, स्वास्थ्य और जनसेवा के क्षेत्र में कार्य कर रही है। भविष्य में भी जरूरतमंद विद्यालयों और संस्थानों को इसी प्रकार सहयोग दिया जाता रहेगा।
प्रधानाचार्या श्रीमती चम्पा पुरोहित ने सारथी फाउंडेशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहयोग से बच्चों को गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने संस्था सहयोगियों के इस सामाजिक कार्य की सराहना की।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।







