बड़ौन हाईस्कूल का इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकरण, मंत्री कैड़ा ने किया उद्घाटन

वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी, क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को अब गांव में ही मिलेगी इंटरमीडिएट तक की शिक्षा

भीमताल/ओखलकांडा। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के दूरस्थ ओखलकांडा ब्लॉक की ग्राम सभा बड़ौन में वर्षों से चली आ रही हाईस्कूल के उच्चीकरण की मांग आखिरकार पूरी हो गई। बड़ौन हाईस्कूल का इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकरण किए जाने के बाद विद्यालय में कक्षा 11वीं की पढ़ाई भी शुरू हो गई है। इसका उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया।

ग्रामीण लंबे समय से बड़ौन हाईस्कूल को इंटरमीडिएट स्तर तक उच्चीकृत करने की मांग कर रहे थे। क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को हाईस्कूल के बाद इंटरमीडिएट की शिक्षा के लिए दूर-दराज के विद्यालयों का रुख करना पड़ता था। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और आवागमन की कठिनाइयों के चलते विशेष रूप से छात्राओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई विद्यार्थी आगे की पढ़ाई से वंचित भी रह जाते थे।

ग्रामीणों ने अपनी इस मांग को मंत्री राम सिंह कैड़ा के समक्ष रखा था। मंत्री कैड़ा ने विद्यालय के उच्चीकरण के लिए लगातार प्रयास किए और मुख्यमंत्री से भी इस संबंध में आग्रह किया। उनके प्रयासों के बाद बड़ौन हाईस्कूल का इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकरण किया गया।

विद्यालय के उच्चीकरण और कक्षा 11वीं की कक्षाएं शुरू होने से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत कर आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को उनके घर के आसपास ही बेहतर शिक्षा की सुविधा उपलब्ध हो सके। शिक्षा के क्षेत्र में आवश्यक सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

बहुउद्देशीय शिविर में सुनीं जनसमस्याएं

कार्यक्रम के साथ ही बड़ौन में बहुउद्देशीय शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में करीब 350 लोगों ने प्रतिभाग किया। ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों ने विभिन्न विभागों से संबंधित अपनी समस्याएं एवं शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं।

शिविर में प्राप्त कुल 45 समस्याओं में से 43 का मौके पर ही समाधान किया गया। वहीं, विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग शिविर में पहुंचे।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। इसी दिशा में न्याय पंचायत स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर आयोजित कर लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के निस्तारण में गंभीरता और तेजी से कार्य करने के निर्देश भी दिए।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page