कोतवाली मुखानी पुलिस ने पकड़ा अंतरराज्यीय चोर गिरोह, सोने-चांदी के आभूषण बरामद

हल्द्वानी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली मुखानी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चार राज्यों में सक्रिय एक शातिर इंटर-स्टेट नकबजन गैंग का खुलासा करते हुए उसके एक सदस्य को करीब 2.50 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषणों सहित गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, दिनांक 31.08.2026 को वादी नवीन पनेरु पुत्र ईश्वरी दत्त पनेरु, निवासी नियर बुद्ध बाजार, लालपुर नायक, गोविन्दपुर गढ़वाल, हल्द्वानी की तहरीर पर कोतवाली मुखानी में FIR No. 137/2026, धारा 305(A)/331(4) BNS बनाम अज्ञात पंजीकृत किया गया था। घटना 27.08.2026 से 30.08.2026 के बीच की है, जिसमें अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नगदी चोरी की थी।

घटना के अनावरण के लिए पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज का गहन अवलोकन किया तथा सुरागरसी पतारसी से महत्वपूर्ण सुराग जुटाए। सूचना के आधार पर दिनांक 21.09.2026 को ग्रीनवुड ग्लोबल स्कूल के पास से अभियुक्त तारिक फहीम पुत्र मौ. सलीम, निवासी ग्राम अकरौली, थाना बनियाठेर, जिला सम्भल, उत्तर प्रदेश, उम्र 45 वर्ष को गिरफ्तार किया गया।

अभियुक्त के कब्जे से 02 पीली धातु की चैन, 02 पीली धातु के टॉप्स और 02 सफेद धातु की पायल बरामद हुई, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 2,50,000 रुपये है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) BNS की बढ़ोत्तरी की गई है।

पूछताछ में तारिक फहीम ने बताया कि उसने अपने साथियों कदीर पुत्र छोटे खाँ और जफर पुत्र तौफीक, दोनों निवासी ग्राम अकरौली, थाना बनियाठेर, जिला सम्भल के साथ मिलकर रक्षाबंधन की रात मुखानी क्षेत्र में एक घर का ताला तोड़कर जेवरात और नगदी चोरी की थी। चोरी का माल तीनों ने आपस में बांट लिया था। तारिक अपने हिस्से के आभूषण बेचने हल्द्वानी आया था, जहां पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

जांच में प्रकाश में आया है कि यह गैंग उत्तराखंड के मुखानी नैनीताल, उत्तर प्रदेश के बनियाठेर, पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद और कर्नाटक के उडुपी सहित चार राज्यों में चोरी और नकबजनी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। गैंग के अन्य दो सदस्य कदीर और जफर को कर्नाटक पुलिस द्वारा हाल ही में अन्य आपराधिक प्रकरण में गिरफ्तार किया गया है। उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

इस उत्कृष्ट कार्य पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने पुलिस टीम के लिए 1,500 रुपये के नगद पुरस्कार की घोषणा की है। साथ ही टीम में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सदस्य को पृथक रूप से पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की गई है।

पुलिस टीम: उ.नि. दीपा भट्ट, चौकी प्रभारी RTO, उ.नि. सुनील गोस्वामी, का. सुनील आर्य, का. बलवंत सिंह।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page