विपक्ष के रवैये पर सांसद अजय भट्ट का कड़ा हमला, बोले—जनता सब समझ चुकी है


हल्द्वानी। नैनीताल-उधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र से सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने लोकसभा में विपक्ष के रवैये पर कड़ा ऐतराज जताते हुए कांग्रेस पर सदन की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जनता अपने प्रतिनिधियों को संसद में इसलिए चुनकर भेजती है, ताकि वे देश की उन्नति, विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करें, लेकिन विपक्ष लगातार सदन को हंगामे की भेंट चढ़ा रहा है।
सांसद भट्ट ने कहा कि मौजूदा लोकसभा सत्र में सरकार की ओर से संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्ष को विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के लिए लगातार आमंत्रित किया, लेकिन विपक्ष चर्चा से बचता रहा। उन्होंने कहा कि एक ओर विपक्ष जनता के बीच यह आरोप लगाता है कि उसे सदन में बोलने का अवसर नहीं दिया जाता, जबकि दूसरी ओर सरकार की ओर से चर्चा के लिए आमंत्रित किए जाने के बावजूद वह चर्चा से भाग रहा है। यह विपक्ष का दोहरा चरित्र है, जो अब जनता के सामने पूरी तरह उजागर हो चुका है।
अजय भट्ट ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे संसद में जनता से जुड़े विषयों को मजबूती से उठाएं और देशहित में सार्थक चर्चा करें। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस परीक्षा में नकल रोकने के लिए लाए जा रहे संशोधन कानून जैसे छात्रों के हित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा के लिए तैयार नहीं थी।
उन्होंने कहा कि संसद लोकतंत्र का सर्वोच्च मंच है और इसका समय हंगामे में बर्बाद करने के बजाय जनहित के मुद्दों पर चर्चा में लगाया जाना चाहिए। सांसद भट्ट ने कहा कि जनता पूरे घटनाक्रम को देख और समझ रही है तथा समय आने पर वह अपने मत के माध्यम से विपक्ष को इसका करारा जवाब देगी।
श्री भट्ट ने कहा कि विपक्ष के द्वारा सदन न चलने दिए जाने के बावजूद भी सरकार ने जनहित को ध्यान में रखते हुए 12 महत्वपूर्ण बिल पास किए। जो कि देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण थे, उन्होंने कहा कि विपक्ष सदन के बायकाट करने के साथ-साथ देश हित के बिलों को पास न करने का भी पूरा षड्यंत्र कर रहा था।








