MBPG हल्द्वानी में छात्रसंघ चुनाव को लेकर लिंगदोह कमेटी की बैठक, नियमों के पालन के सख्त निर्देश

हल्द्वानी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में आगामी छात्रसंघ निर्वाचन के शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष आयोजन को लेकर पुलिस-प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में आज एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल की अध्यक्षता में लिंगदोह कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में पुलिस, प्रशासन, कॉलेज पदाधिकारी एवं छात्रसंघ के संभावित प्रत्याशियों ने भाग लिया। सभी संभावित प्रत्याशियों को लिंगदोह समिति के अनिवार्य मापदंडों का पालन करने के निर्देश दिए गए तथा उनकी समस्याओं का समाधान किया गया।
बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए —
जो व्यक्ति कॉलेज में अध्ययनरत नहीं हैं, उनका कॉलेज परिसर में प्रवेश पूर्णतः वर्जित रहेगा।
कॉलेज के छात्र बिना पहचान पत्र के परिसर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे।
कॉलेज परिसर में किसी भी प्रकार का प्रचार-प्रसार एक दिन पहले कॉलेज प्रशासन से अनुमति के बाद ही होगा।
प्रिंटेड पोस्टर कैंपस या बाहर लगाना प्रतिबंधित रहेगा, केवल हाथ से बने पोस्टर/पम्पलेट का उपयोग होगा।
कॉलेज परिसर की सड़क से बाहर किसी भी प्रकार की रैली का आयोजन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
रात्रि में कॉलेज परिसर में घूमने या प्रचार-प्रसार करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में सभी संभावित प्रत्याशियों को लिंगदोह कमेटी एवं यूनिवर्सिटी से जारी संविधान की निर्देशिका वितरित कर हस्ताक्षर करवाए गए।
इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी ए.बी. बाजपेयी, अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, प्रधानाचार्य एमबीपीजी नरेंद्र सिंह बनकोटी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सुरेंद्र सिंह रौतेला, छात्र संघ प्रभारी डॉ. मनीषा तिवारी, डॉ. एल.एम. पांडे, डॉ. एस.के. श्रीवास्तव, डॉ. एच.एस. भाकुनी, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय मेहता, प्रभारी चौकी भोटिया पड़ाव कृपाल सिंह, उपनिरीक्षक अभिसूचना मनोज कुमार समेत विभिन्न पदों के संभावित प्रत्याशी छात्र मौजूद रहे।







