रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा गया जेई, 20 हजार की घूस लेते विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई
भुगतान के एवज में मांगी थी रिश्वत, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी पर भी वैधानिक कार्रवाई शुरू

हल्द्वानी/काशीपुर। सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी की ट्रैप टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ऊधम सिंह नगर जिले में तैनात एक कनिष्ठ अभियंता (जेई) को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मामले में एक ग्राम पंचायत विकास अधिकारी के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आरोपी को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर आगे की जांच की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, सतर्कता अधिष्ठान की टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 पर एक पंजीकृत ठेकेदार ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने जसपुर ब्लॉक क्षेत्र में वाटर कूलर लगाने का कार्य पूरा किया था। कार्य के भुगतान के बदले कनिष्ठ अभियंता विवेक कुमार ने 20 हजार रुपये तथा ग्राम पंचायत विकास अधिकारी दीपक सागर ने 12 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था, इसलिए उसने विजिलेंस से कार्रवाई की मांग की।
शिकायत की जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देशन में निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम का गठन किया गया। सोमवार को टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए काशीपुर के कुंडा क्षेत्र में कनिष्ठ अभियंता विवेक कुमार को शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
सतर्कता अधिष्ठान के अधिकारियों ने बताया कि मामले के दूसरे आरोपी ग्राम पंचायत विकास अधिकारी दीपक सागर के विरुद्ध भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत की जाएगी।
कार्रवाई की सफलता पर सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने ट्रैप टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। उन्होंने आमजन से भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है या भ्रष्टाचार से जुड़ी कोई जानकारी हो तो इसकी सूचना सतर्कता अधिष्ठान की टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 या व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9456592300 पर दी जा सकती है।








