गौलापार बाईपास पर भीषण हादसा: स्कॉर्पियो की टक्कर से तीन युवकों की मौत, एक गंभीर घायल

हल्द्वानी। लालकुआं-गौलापार बाईपास पर शनिवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का सुशीला तिवारी अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 10 बजे तीनपानी के निकट फ्लाईओवर पर लालकुआं की ओर से आ रही स्कॉर्पियो (यूके-04 यू-7275) ने स्कूटी (यूके-06 एएल-3477) को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उस पर सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में राहुल राजपूत पुत्र किशन पाल निवासी गोरापड़ाव, हाथीखाल, शिवम पुत्र बाबूराम निवासी गोरापड़ाव, हाथीखाल तथा अंशु आर्या पुत्र पंकज आर्या निवासी बिंदुखत्ता, लालकुआं की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आदि टम्टा पुत्र रविंद्र प्रसाद निवासी टाटा मोटर्स के पास, हल्द्वानी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका उपचार सुशीला तिवारी अस्पताल में चल रहा है।

दुर्घटना की सूचना डायल-112 के माध्यम से मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि पुलिस ने अन्य घायलों को तत्काल चिकित्सालय भिजवाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सिटी अमित सैनी ने बताया कि शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। स्कॉर्पियो चालक से पूछताछ की जा रही है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
इधर, सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने भी सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में फ्लाईओवर पर स्कॉर्पियो और स्कूटी की आमने-सामने की टक्कर से हादसा होना सामने आया है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के वास्तविक कारणों की गहन जांच कर रही है।





