GGIC की बेटियों को मिला सुरक्षा कवच, पुलिस ने दिया ‘112-SOS’ का मंत्र

नैनीताल, 11 सितंबर। छात्राओं की सुरक्षा और आपात स्थिति में त्वरित पुलिस सहायता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नैनीताल पुलिस की संचार इकाई ने आज राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (GGIC), नैनीताल में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक संचार रेवाधर मठपाल और आरआई संचार राजकुमार बिष्ट के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस टीम ने छात्राओं को Dial-112 और SOS सुविधा की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में पुलिस संचार टीम के अपर उप निरीक्षक यशपाल नेगी, अपर उप निरीक्षक गीता राणा, अपर उप निरीक्षक जगजीवन सिंह, हेड कांस्टेबल गौरव और हेड कांस्टेबल सुनील राणा ने प्रतिभाग किया। इस दौरान जीजीआईसी की प्रधानाचार्य जयश्री सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
टीम ने छात्राओं को बताया कि किसी भी आपातकालीन या असुरक्षित परिस्थिति में घबराने की जरूरत नहीं है। ऐसी स्थिति में तुरंत 112 पर कॉल करें या मोबाइल पर SOS बटन दबाकर पुलिस सहायता प्राप्त करें।
पुलिस टीम ने कहा – “डरें नहीं, बेझिझक मदद मांगें – पुलिस आपके साथ है।” 112 पर कॉल करने में किसी प्रकार का संकोच न करें। आपका नंबर सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित नहीं किया जाएगा। आप निसंकोच और निडर होकर 112 डायल कर सकती हैं।
नैनीताल पुलिस ने छात्राओं को भरोसा दिलाया कि पुलिस 24×7 उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए तत्पर है। किसी भी आपात स्थिति में समय गंवाए बिना पुलिस सहायता लेना उनकी सुरक्षा के लिए सबसे महत्वपूर्ण है।
नैनीताल पुलिस की अपील – “आपकी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता – आपात स्थिति में 112 डायल करें, SOS दबाएं और निर्भीक रहें।”








