14 जुलाई को सांसद अजय भट्ट की अध्यक्षता में आयोजित होगी दिशा समिति की बैठक
सभी विभागों को अद्यतन प्रगति रिपोर्ट के साथ समयबद्ध रूप से उपस्थित रहने के निर्देश

जिला विकास कार्यों की होगी व्यापक समीक्षा
नैनीताल, 13 जुलाई, 2026 जनपद नैनीताल में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी एवं विकासपरक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक 14 जुलाई, 2026 (मंगलवार) को अपराह्न 2:00 बजे सर्किट हाउस, काठगोदाम में आयोजित की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक की अध्यक्षता नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) के अध्यक्ष अजय भट्ट करेंगे। बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न केंद्रीय एवं राज्य सरकार की योजनाओं, विकास परियोजनाओं तथा विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने विभाग से संबंधित विकास कार्यों एवं योजनाओं की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप में तैयार कर 09 जुलाई, 2026 को प्राथमिकता के आधार पर जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के ई-मेल [email protected] पर स्पष्ट एवं हस्ताक्षरित प्रति उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी बैठक में अपने विभाग से संबंधित योजनाओं एवं परियोजनाओं की अद्यतन जानकारी, आवश्यक अभिलेखों तथा प्रगति विवरण के साथ स्वयं उपस्थित रहें, जिससे विकास कार्यों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा सकें।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि दिशा समिति की बैठक जनपद में विकास कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण मंच है। बैठक में विभिन्न विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए जनहित से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी, ताकि शासन की प्राथमिकता वाले विकास कार्यों का लाभ समयबद्ध रूप से आमजन तक पहुंच सके।




