उपभोक्ता पुराने मीटर को चैक मीटर की तरह उपयोग कर सकते हैं

हल्द्वानी 18 जुलाई 2026 शनिवार को जिलाधिकारी, नैनीताल ललित मोहन रयाल द्वारा विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ जिलाधिकारी कैंप कार्यालय, हल्द्वानी में समीक्षा बैठक की गई, जिसमें मुख्यतः RDSS योजना के अन्तर्गत कार्यों की अद्यतन स्थिति के बारे में चर्चा की गयी एवं कार्यों की समीक्षा के दौरान कुछ कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जाहिर करते हुए जिलाधिकारी ने कार्य में प्रगति को बड़ाने हेतु अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सक्षम अधिकारी समय-समय पर गतिमान कार्यों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी करें।
बैठक में स्मार्ट विद्युत मीटर लगाए जाने की प्रगति की समीक्षा के दौरान विद्युत विभाग के अधिकारियों द्वारा स्मार्ट मीटर लगाने की वर्तमान प्रगति से अवगत कराया गया कि हल्द्वानी (नगर) खण्ड में 49.5%, हल्द्वानी (ग्रामीण) खण्ड में 35.8%, रामनगर खण्ड में 55.67% एवं नैनीताल खण्ड में 38.4% स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। स्मार्ट मीटर से सम्बन्धित शिकायतों का लगातार निस्तारण किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्मार्ट मीटर लगाने हेतु उपभोक्ता अपने पुराने मीटर को चैक मीटर की तरह उपयोग कर सकते हैं एवं उपभोक्ता के पूर्णतः संतुष्ट होने के बाद ही चैक मीटर उतारा जाये।
सी०एम० हेल्पलाईन की समीक्षा के दौरान विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अविलम्ब 30 दिन के ऊपर की शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करें। साथ ही विद्युत चोरी वाले क्षेत्रों में विभागीय प्रवर्तन दल द्वारा चैकिंग अभियान चलाये जाने हेतु निर्देशित किया गया ताकि विद्युत हानि को कम किया जा सके।
बैठक में अधीक्षण अभियन्ता ई० रवि कुमार राजौरा, अधिशासी अभियन्ता नैनीताल ई० एस०के० सहगल, अधिशासी अभियन्ता (ग्रामीण) ई० एस०के० गुप्ता, अधिशासी अभियन्ता (नगर) हल्द्वानी ई० प्रदीप कुमार एवं अधिशासी अभियन्ता रामनगर ई० गोविंद सिंह कार्की उपस्थित रहे।






