कैथ लैब से कुमाऊं के मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत: सुमित हृदयेश

हल्द्वानी, 22 मई। हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुमित हृदयेश ने शुक्रवार को डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय में नवनिर्मित अत्याधुनिक कैथ लैब का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की विभिन्न स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ ही भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। विधायक ने मरीजों से अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, उपचार व्यवस्था और अन्य आवश्यक सेवाओं के संबंध में जानकारी भी ली।


निरीक्षण के दौरान विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि अस्पताल में स्थापित की गई अत्याधुनिक कैथ लैब कुमाऊं क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी। उन्होंने कहा कि अब हृदय रोग से पीड़ित मरीजों को उपचार के लिए बड़े महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे मरीजों के समय और आर्थिक संसाधनों दोनों की बचत होगी। उन्होंने इसे क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
विधायक ने कहा कि जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय को उन्होंने लगातार सदन में प्रमुखता से उठाया, ताकि कुमाऊं की जनता को स्थानीय स्तर पर बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास हमेशा रहा है कि प्रत्येक नागरिक को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ हो सकें।


हालांकि विधायक ने चिंता जताते हुए कहा कि वर्तमान में कैथ लैब के संचालन के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता नहीं है, जिसके चलते यह सुविधा अभी पूरी तरह शुरू नहीं हो पाई है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में संबंधित अधिकारियों और शासन स्तर पर वार्ता की जा रही है। जल्द ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति सुनिश्चित कर कैथ लैब को पूर्ण रूप से संचालित किया जाएगा, ताकि क्षेत्र की जनता को इसका समुचित लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि वह जनसेवा और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध हैं तथा जनता की मूलभूत आवश्यकताओं और सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के लिए लगातार प्रयासरत रहेंगे।
इस अवसर पर पार्षद रवि जोशी, हेमंत शर्मा, मोहन बिष्ट, मोनू पांडे, दिवेश तिवारी, एडवोकेट धर्मवीर, देवेन्द्र नेगी, वसीम डैनी, मोहम्मद गुफरान समेत अन्य लोग मौजूद रहे।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page