जिला पंचायत नैनीताल की बोर्ड बैठक सम्पन्न, वर्ष 2026-27 का लगभग 14 करोड़ रुपये का बजट पारित
जिला पंचायत, नैनीताल की बोर्ड बैठक शुक्रवार को सर्किट हाउस, काठगोदाम सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई

हल्द्वानी, 03 जुलाई, 2026, बैठक में सर्वप्रथम पिछली बोर्ड बैठक की कार्यवाही एवं अनुपालन आख्या पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इसके उपरांत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिला पंचायत, नैनीताल का लगभग 14 करोड़ रुपये का वार्षिक बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। पारित बजट में राज्य वित्त के अंतर्गत विकास एवं निर्माण कार्यों हेतु लगभग 11 करोड़ रुपये तथा अन्य मदों के लिए लगभग 3 करोड़ रुपये का प्रावधान पारित किया गया।
बैठक में विभिन्न प्रशासनिक एवं विकासात्मक प्रस्तावों पर विचार करते हुए काठगोदाम डाक बंगले में जिला पंचायत कार्यालय स्थापित किए जाने, भीमताल स्थित डाक बंगले का व्यावसायिक उपयोग किए जाने तथा जिला पंचायत के अधीन संचालित दुकानों के किराए में 25 प्रतिशत वृद्धि करने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में विकसित की जा रही नई चौपाटियों के लिए लाइसेंस शुल्क निर्धारित किए जाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया इसके साथ ही बोर्ड द्वारा जिला पंचायत कर्मचारियों को एसीपी एवं पदोन्नति का लाभ प्रदान किए जाने संबंधी प्रस्ताव को अनुमोदित किया गया। साथ ही जिला पंचायत की परिसंपत्तियों के किराया दरों के पुनरीक्षण पर भी चर्चा की गई। बैठक में जिला पंचायत सदस्यों द्वारा मानदेय वृद्धि का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया, जिस पर अध्यक्ष ने प्रस्ताव को अनुमोदित करते हुए अग्रिम कार्रवाई हेतु शासन को प्रेषित किए जाने का आश्वासन दिया।
बैठक में जिला पंचायत क्षेत्र के वन क्षेत्रों से लगे ग्रामीण इलाकों में जंगली जानवरों से किसानों एवं ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक स्थानों पर तारबाड़ कराए जाने के प्रस्ताव पर भी सहमति व्यक्त की गई। इसके अतिरिक्त जिला पंचायत द्वारा संचालित विभिन्न विकास कार्यों में तेजी लाने तथा जनहित की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल ने ग्रामीण क्षेत्रों में जनसुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आठ वाहनों की व्यवस्था किए जाने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को प्राथमिकता देते हुए निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में कूड़ा निस्तारण के लिए प्रभावी एवं दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों में भी कचरे का वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित निस्तारण सुनिश्चित हो तथा रीसाइक्लिंग के माध्यम से उसके पुनः उपयोग को बढ़ावा दिया जा सके।
बैठक में पार्किंग व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित बनाने तथा जिला पंचायत नैनीताल के अधीन संचालित दुकानों एवं अन्य परिसंपत्तियों के किराया दरों के पुनरीक्षण पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवकी बिष्ट, समस्त जिला पंचायत सदस्य, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत अनिल जोशी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।







