जनपद नैनीताल में 10 जुलाई 2026 हेतु अत्यंत भारी वर्षा एवं आकाशीय बिजली की चेतावनी, प्रशासन अलर्ट पर

नैनीताल, 09 जुलाई 2026, भारत मौसम विभाग, देहरादून द्वारा दिनांक 09 जुलाई 2026 को प्रातः 10:00 बजे जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 10 जुलाई 2026 को जनपद नैनीताल में “Warning (Take Action)” श्रेणी की चेतावनी जारी की गई है। पूर्वानुमान के अनुसार जनपद में बहुत भारी से अत्यंत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर होने की प्रबल संभावना व्यक्त की गई है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशन में जनपद प्रशासन द्वारा सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रखते हुए आवश्यक एहतियाती एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
आपदा प्रबंधन तंत्र, तहसील एवं जनपद स्तरीय नियंत्रण कक्ष, पुलिस, राजस्व, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, पीएमजीएसवाई, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा अन्य संबंधित विभागों को किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु पूर्ण सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन द्वारा पर्वतीय एवं उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ट्रेकिंग एवं पर्यटकों के आवागमन पर विशेष सतर्कता बरतने, भू-स्खलन संभावित मार्गों पर मशीनरी एवं संसाधनों की अग्रिम व्यवस्था सुनिश्चित करने, मोटर मार्ग बाधित होने पर तत्काल यातायात बहाल करने तथा नगर एवं कस्बाई क्षेत्रों में नालियों एवं कलवर्टों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा के दृष्टिगत विशेष सावधानी बरतने के भी निर्देश जारी किए गए हैं।
सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने मोबाइल फोन सक्रिय रखेंगे तथा आवश्यक आपदा राहत उपकरण, बरसाती, टॉर्च, हेलमेट एवं अन्य आवश्यक सामग्री के साथ तैयार रहेंगे। किसी भी स्थान पर लोगों के फंसने की स्थिति में भोजन, पेयजल एवं चिकित्सा सहायता की तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

जनपद प्रशासन आमजन से अपील करता है कि—

अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करें।

नदी, नालों एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें।
खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें।
मौसम विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
किसी भी आपदा अथवा आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) को उपलब्ध कराएं।

आपातकालीन संपर्क नंबर :
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC), नैनीताल: 05942-231178, 05942-231179, 05942-231181
टोल फ्री: 1077
मोबाइल: 8272080884
राज्य आपदा नियंत्रण कक्ष (SEOC): 0135-2710335, 0135-2710334
टोल फ्री: 1070
जनपद प्रशासन ने सभी विभागाध्यक्षों एवं अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे जारी चेतावनी के दृष्टिगत पूर्ण सतर्कता बनाए रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करें तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई करें।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page